गिट्टी लदा डंपर पलटने से नीचे दबी कार, नौ यात्री घायल
जागरण संवाददाता चित्रकूट कर्वी कोतवाली अंतर्गत खोह रेलवे क्रासिग के पास गिट्टी लदा डंपर पल
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कर्वी कोतवाली अंतर्गत खोह रेलवे क्रासिग के पास गिट्टी लदा डंपर पलट गया। जिसके नीचे दो कार दब गई। नौ लोग घायल हो गए, इनमें से दो लोगों को निकलाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। हालांकि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आक्रोशित लोगों ने डंपर चालक की पिटाई कर दी। जानकारी पर डीएम व एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं।
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चित्रकूट से गिट्टी लेकर डंपर प्रयागराज जा रहा था। रेलवे क्रासिग खोह के पास डंपर का पिछला टायर पंचर हो गया। चालक टायर बदल रहा था कभी निकली ट्रेन से क्रासिग में लंबा जाम लग गया लोगों के कहने पर जैक ढिलाकर डंपर को किनारे लगाने का प्रयास किया तो ब्रेकर व गड्ढे में पलट गया। जिसमें दो कार उसके नीचे आ गए। पूरी गिट्टी वाहनों के ऊपर गिरी और दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एक का अगला तो दूसरे का पिछला हिस्सा दबा था। दोनों कार में नौ लोग सवार थे। सात लोगों को तुरंत निकाल लिया गया जबकि एक कार के चालक व आगे की सीट में बैठा व्यक्ति फंस गए। पुलिस ने जेसीबी व क्रेन से दोनों फंसे लोगों को करीब तीन घंटा की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला। तीन घंटे मौत से हुआ सामना, भगवान का शुक्र बचा लिया
ट्रक के नीचे दबी कार में प्रयागराज के झलवा निवासी 30 वर्षीय विवेक सिंह पुत्र इंदल सिंह, 22 वर्षीय सूरज कुमार पुत्र चंद्रिका, 21 वर्षीय शानू सिंह पुत्र उदय सिंह, 20 वर्षीय अनुपम कुमार पुत्र रामचंद्र व 24 वर्षीय सौरभ पुत्र वीरेंद्र सिंह सवार थे। इनमें तीन लोग पहले ही निकाल लिया गया था। जबकि लेकिन अगली सीट पर बैठे चालक अनुपम व सूरज बुरी तरह फंसे थे। उन्होंने बताया कि तीन घंटे मौत सामने खड़ी थी। पूरी कार गिट्टी से ढंकी थी। सिर्फ लोगों को शोर सुनाई दे रहा था। उन्होंने जिदा बचने की उम्मीदें ही छोड़ दी थी, लेकिन भगवान ने बचा लिया। वहीं दूसरी कार में सदर कोतवाली कर्वी के लक्ष्मणपुरी मोहल्ला निवासी 31 वर्षीय पंकज पुत्र कालका प्रसाद, कलेक्ट्रेट के नाजिर 50 वर्षीय अरुण शुक्ल, पंकज सिंह पुत्र कर्नल जय सिंह गौतम निवासी एसडीएम कालोनी कर्वी व अशोक पुत्र शिव कुमार निवासी कपसेठी सवार थे।
सभी प्रयागराज से कर्वी आ रहे थे। कालका के पीठ में गंभीर चोट आई है। जबकि अशोक की एक उंगली कट गई है। ट्रक चालक को पीटा, अफरा-तफरी का रहा माहौल
डंपर पलटने के नीचे दो कार दबने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार में फंसे लोगों को बचाने के लिए लोग दौड़ पड़े। ज्यादातर लोगों को बाहर निकालने के साथ ही माहौल एकबारगी गरमा गया। कुछ लोगों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने चालक को बचाकर वहां से निकाला। सूचना पर डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, एसपी धवल जायसवाल, एएसपी शैलेंद्र कुमार राय, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय, खनिज अधिकारी शनि कौशल व यातायात प्रभारी योगेश कुमार यादव भी पहुंचे और तीन घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। सीओ ने बताया कि अभी किसी ने घटना तहरीर नहीं दी है। बड़ा हादसा था लेकिन शुक्र है कि कोई मरा नहीं है।