दो दिन खराब रहेगा मौसम, होती रहेगी रिमझिम बारिश
जागरण संवाददाता चंदौली बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मंगलवार की श्
जागरण संवाददाता, चंदौली : बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मंगलवार की शाम से ही मौसम खराब है। बुधवार को पूरे दिन रिमझिम बारिश होती रही। शाम तक लगभग 15 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार तक मौसम खराब रह सकता है। बारिश से फसलों को संजीवनी मिली। वहीं निचले इलाकों में जलजमाव व सड़कों पर कीचड़ से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। सितम्बर माह के शुरुआत में मौसम की बेरुखी जारी रही। तीखी धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। तापमान बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इससे लोग बेहाल हो गए। चाहे रात हो अथवा दिन, लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। मंगलवार की रात मौसम ने करवट बदली। मौसम विज्ञानियों की मानें तो बंगाल की खाड़ी और उड़ीसा के तटीय इलाके में निम्न क्षेत्र का दबाव बना है। यह झारखंड होते हुए छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ रहा है। इससे बारिश हो रही है। बारिश का सिलसिला शुक्रवार तक जारी रहेगा। गुरुवार को दिन भर बारिश होती रहेगी। वहीं शुक्रवार को भी बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। बरसात धान की फसल के लिए संजीवनी साबित हो रही है। पिछले कई दिनों से तीखी धूप से पौधों में रोग का असर बढ़ रहा था। धान में झुलसा और खैरा रोग का प्रकोप बढ़ रहा था। वहीं कीटों का भी प्रकोप देखने को मिल रहा था। बारिश से फसल लहलहाने लगी है। हालांकि निचले इलाकों में जलजमाव व कीचड़ से परेशानी हुई। तापमान रहेगा सामान्य, उमस से मिलेगी निजात
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी कृष्णमुरारी पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की वजह से बारिश हो रही है। 15 से 19 सितम्बर तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहेगा। आर्द्रता 92 से 98 फीसद तक रहेगी। हवा की गति सामान्य से अधिक रहेगी।
बीमारी से बचने के लिए बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डाक्टर संजय कुमार ने बताया कि इस समय बुखार के मरीज बढ़े हैं। बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। भींगने से बचें। वहीं ठंडी तासिर वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कदापि न करें। सर्दी, जुकाम-बुखार होने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाकर दवा लें।