इंतजार की घड़ियां खत्म, आज जारी होगी आरक्षण सूची
जागरण संवाददाता चंदौली पंचायत चुनाव के पदों के आरक्षण का लोगों को बेसब्री से इंतजार है।
जागरण संवाददाता, चंदौली : पंचायत चुनाव के पदों के आरक्षण का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। हालांकि इंतजार की घड़ियां अब खत्म हो चुकी हैं। जिलाधिकारी संजीव सिंह तीन मार्च को सूची का प्रकाशन करेंगे। इसके बाद दावा और आपत्ति के लिए लोगों को चार दिनों का समय दिया जाएगा। इस बार अधिकांश पद अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग के खाते में जा सकते हैं। ऐसे में कई संभावित उम्मीदवारों व निवर्तमान ग्राम प्रधानों के मंशूबों पर पानी फिर सकता है।
शासन की ओर से दो अथवा तीन मार्च को आरक्षण सूची के प्रकाशन का निर्देश था। ऐसे में मंगलवार को सरगर्मी बढ़ गई। लोगों को उम्मीद थी कि शाम तक आरक्षण सूची प्रकाशित हो जाएगी, लेकिन अधिकारियों के संपूर्ण समाधान दिवस में व्यस्त रहने व अन्य कारणों से आरक्षण सूची का प्रकाशन नहीं हो सका। जिले में ग्राम प्रधान के 734, बीडीसी के 886, ब्लाक प्रमुख के नौ व जिला पंचायत सदस्य के 35 पदों का आरक्षण घोषित होना है। इसके अलावा पंचायत सदस्य के नौ हजार से अधिक पदों के आरक्षण का भी प्रकाशन किया जाएगा। शासन की नई नीति के अनुसार इस बार जिले में ग्राम प्रधान के 365 पद अनुसूचित व पिछड़ा वर्ग के खाते में जाएंगे। वहीं 121 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। आरक्षण सूची का प्रकाशन जिला मुख्यालय पर तो होगा ही। साथ ही ब्लाकों में सूची प्रकाशित की जाएगी। इससे लोगों को सहूलियत होगी। जिलाधिकारी ने कहा, तीन मार्च को आरक्षण सूची का प्रकाशन हर हाल में कर दिया जाएगा।
---------------------------------
आरक्षण को लेकर लोगों में दिखी जिज्ञासा
पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण को लेकर लोगों में जिज्ञासा दिखी। लोग अपने परिचित अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही शुभचितकों को फोन कर इसके बारे में जानकारी लेते रहे। इसी बीच सकलडीहा ब्लाक की फर्जी सूची इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई। लोग पदों के आरक्षण को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे थे। तीन मार्च को आरक्षण सूची का प्रकाशन होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।