वीरांगना थीं अहिल्या बाई
जासं चंदौली: पाल विकास समिति ने झांसी गांव स्थित पाल भवन परिसर में राज माता अहिल्या बाई होल्कर की जय
जासं चंदौली: पाल विकास समिति ने झांसी गांव स्थित पाल भवन परिसर में राज माता अहिल्या बाई होल्कर की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई। पाल समाज के लोगों ने उनके त्याग, बलिदान व संघर्ष को याद किया। समाज के उत्थान को सभी ने मिलकर सहयोग करने का आह्वान किया। शुभारंभ जौनपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभावती पाल ने राज अहिल्या बाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। वक्ताओं ने कहा कि राज माता अहिल्या बाई होल्कर पाल समाज ही नहीं पूरे देश की वीरांगना थीं। उनके कार्यों व स्मृतियों को पाल समाज के लोगों को संजोकर रखने की जरूरत है। ऐसा करने पर ही पाल समाज का हित हो सकेगा। राज माता अहिल्या बाई का पूरा जीवन प्रेरणादायी है। उनके आदर्शों, समाज के लिए दिए गए योगदान व बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। समय-समय पर समाज में महापुरूष जन्म लेते हैं। समाज में फैली बुराइयों व कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हैं। भारत महापुरुषों का देश है, जहां कई महान हस्तियों ने जन्म लिया। अपने देश व समाज को सही राह दिखाने के साथ ही एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। राज माता अहिल्या बाई होल्कर ऐसी ही महान शख्सियत थीं। आज समाज को उनके जीवनी व व्यक्तित्व के बारे में जानने की जरूरत है। जयप्रकाश पाल, रामाश्रय पाल, स्वारथ पाल, सुभाष पाल, राधेश्याम, शिवशंकर पाल, भोला पाल, महेंद्र पाल, मुखराम पाल, लालमिन पाल आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता सहेंद्र पाल व संचालन राधेश्याम पाल ने किया।