तालाब में डूबने से बालक समेत दो की मौत
जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में शुक्रवार को तालाब में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। पीडीडीयू नगर कोतवाली क्षेत्र के चंधासी स्थित दामोदरदास पोखरे में सुबह नहाते समय नई बस्ती निवासी 32 वर्षीय युवक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पत्नी ने परिवार में भाइयों से विवाद के चलते खुदकुशी करने का आरोप लगाया। वहीं बलुआ थाना क्षेत्र के पपौरा गांव निवासी घुरभारी यादव का 13 वर्षीय पुत्र भैंस धोते समय तालाब में डूब गया। घटना से दोनों ही परिवरों में कोहराम मच गया।
जासं, पीडीडीयू नगर/ चहनियां (चंदौली) : जिले में दो अलग-अलग गांवों में शुक्रवार को तालाब में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। पीडीडीयू नगर कोतवाली क्षेत्र के चंधासी स्थित दामोदरदास पोखरे में सुबह नई बस्ती निवासी 32 वर्षीय युवक का तालाब किनारे सीढि़यों के पास शव उतराया मिला। मृतक की पत्नी ने परिवार में भाइयों से विवाद के चलते खुदकुशी करने का आरोप लगाया। वहीं बलुआ थाना क्षेत्र के पपौरा गांव निवासी घुरभारी यादव का 13 वर्षीय पुत्र सूरज भैंस नहलाते समय तालाब में डूब गया। घटना से दोनों ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
नईबस्ती, महमूदपुर निवासी मोहम्मद लईक अहमद (32) सुबह दामोदरदास पोखरे में नहाने गया था। तौलिया सीड़ी पर रखकर नहाने लगा। अचानक वह डूबने लगा और गहरे पानी में समा गया। कुछ देर बाद लईक का शव पानी में उतरा गया। आसपास के लोगों ने पोखरे में शव उतराया देखा तो पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ देर में मृतक के परिजनों को भी सूचना हो गई। परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी का आरोप है कि परिवारिक कलह की वजह से वे काफी दिनों से तनाव में रह रहे थे। मोहल्ले वालों का कहना है मृतक की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसकी दवा भी चलती थी। कोतवाल शिवानंद मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हर पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ बलुआ थाना क्षेत्र के पपौरा गांव निवासी घुरभारी यादव का पुत्र सूरज यादव (13) गांव के ही तालाब में भैंस धोते समय गहरे पानी में चला गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। बलुआ पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। सूरज गांव के ही सिवान में भैंस चराने के बाद नहलाने के लिए तालाब में ले गया। भैंस धोने के बाद वह भी तालाब में नहाने लगा और गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। साथ में स्नान कर रहे गांव के अन्य लोगों ने उसे डूबते देखा तो शोर मचाने लगे। गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तालाब से कुछ देर बाद सूरज को बाहर निकाला। 112 नंबर पुलिस और परिजनों की मदद से उसे चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूरज दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था।