फसलों को नुकसान पहुंचा रहे बेजुबान, किसान परेशान
जागरण संवाददाता वनगावां (चंदौली) शासन के प्रयास के बाद भी बेसहारा पशुओं से किसान परेशा
जागरण संवाददाता, वनगावां (चंदौली) : शासन के प्रयास के बाद भी बेसहारा पशुओं से किसान परेशान हैं। इलाके के कई गांवों में विचरण करने वाले बेजुबान धान की फसल व सब्जियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। खेत से इनको भगाने के दौरान गोवंश अन्नदाताओं पर हमलावर भी हो जाते हैं। समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बाद भी अधिकारी मौन हैं। इससे अन्नदाताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा।
बेजुबान अन्नदाताओं के लिए मुसीबत बने हैं। आरोप कि बेसहारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों की उदासीनता से किसानों की मेहनत से तैयार फसलें नष्ट हो जा रही हैं। शिकायत के बावजूद समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। सैदूपुर, सुल्तानपुर, शाहपुर, बनरसिया, मलहर, कौड़िहार, वनभीषमपुर, खास, मंगरौर, करनौल, अतायस्तगंज, मुरकौल, खरौझा, रामपुर आदि गांवों में हरी सब्जी, धान की फसल को बेजुबान नष्ट कर दे रहे हैं। इससे अन्नदाताओं के समक्ष गंभीर समस्या उत्पन्न होती जा रही है। यदि बेसहारा पशुओं के नियंत्रित नहीं किया गया तो उत्पादन पर असर पड़ेगा। किसान पंचानंद मिश्र, राजन सिंह, विनोद सिंह, राजकिशोर चौहान, सुंदर यादव, अर्जुन उपाध्याय, बाबूलाल, मुकुंद प्रसाद, शिवदयाल, कृष्णदेव, रमाकांत यादव, देवेंद्र नारायण सिंह आदि ने बेसहारा पशुओं से निजात दिलाने की जिला प्रशासन से मांग की है।