जागरण संवाददाता, चंदौली : केंद्र सरकार की ओर से पारित कृषि सुधार विधेयक के खिलाफ सोमवार को सपा कार्यकर्ता मुखर हो गए। राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों से किसान यात्रा निकालकर जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर इकट्ठा हुए। शासन-प्रशासन की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं सरकार से विधेयक वापस लेने व लचर कानून व्यवस्था में सुधार की मांग की। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सतर्क रही। कलेक्ट्रेट की घेरेबंदी कर दी गई थी। एएसपी प्रेमचंद के साथ कई थानों की पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं का जुलूस अलीनगर स्थित चकिया तिराहे से पदयात्रा करते हुए मुख्यालय पहुंचा। उन्होंने कहा, केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों से किसानों व मजदूरों को क्षति हुई है। कृषि सुधार विधेयक से पूंजीपतियों व कारपोरेट घरानों को ही फायदा होगा। किसानों और श्रमिकों की दुश्वारियां और बढ़ेंगी। यदि सरकार ने विधेयक वापस नहीं लिया तो खेती बर्बाद हो जाएगी। सरकार किसानों का मालिकाना हक छीनना चाहती है। किसान पूंजीपतियों के बंधुआ मजदूर हो जाएंगे। वहीं कृषि उपज के मूल्यों का निर्धारण करने वाली मंडियों पर भी ताला लटक जाएगा। ऐसे में किसानों को उपज की उचित कीमत नहीं मिलेगी। सैयदराजा शहीद स्मारक पर माल्यार्पण करने के बाद पद यात्रा करते धरनास्थल पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा, केंद्र व प्रदेश की सरकारें किसानों का अहित करने पर आमादा हैं। विधेयक वापस लिए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव भी कार्यकर्ताओं का हुजूम लेकर धरना स्थल पहुंचे थे। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व विधायक पूनम सोनकर, नफीस अहमद गुड्डू, छोटू तिवारी, अश्वनी सोनकर, बाबूलाल यादव, मुलायम सिंह यादव, यादवेश यादव, मृत्युंजय पाण्डेय, ठाकुर यादव, इंजीनियर प्रवीण कुमार, राजा खान आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
------------------
छावनी में तब्दील रहा कलेक्ट्रेट
धरना स्थल पर पहुंचे सयुस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट की दीवार फांदने की कोशिश की। इससे पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। कलेक्ट्रेट परिसर के साथ ही मुख्य मार्ग पर काफी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया। एएसपी, सीओ पुलिस लाइन प्रीति तिवारी, सीओ सकलडीहा भवनेश चिकारा के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस व दर्जनों पीएसी के जवान, वाटर कैनन व फायर ब्रिगेड मौजूद रहा।
------------------------
यातायात व्यवस्था रही प्रभावित
सपा कार्यकर्ताओं के धरना के चलते सर्विस रोड पर यातायात बाधित रहा। पुलिस हाईवे पर वाहनों को धीरे-धीरे पास कराती रही। धरना स्थल से भीड़ हटने के बाद ही सर्विस रोड पर यातायात सुचारू हो सका।
चंदौली में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
blink LIVE
PNB MetLife Webinar
VIDEO