इंस्पायर अवार्ड राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अमन का चयन
चंदौली जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है।
जागरण संवाददाता, चंदौली : जिले के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें सही मार्गदर्शन मिले तो बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं। कंपोजिट विद्यालय अमड़ा के छात्र अमन कुमार गौतम ने ऐसा कर दिखाया है। उनके ठोस खाद छिड़कने वाली मशीन के माडल को इंस्पायर अवार्ड मानक राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। इसके अलावा स्कूल के कई छात्रों के माडल मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के चयनित हुए हैं। छात्रों की इस उपलब्धि से गुरुजन गदगद हैं।
विद्यालय में कक्षा आठ के छात्र अमन कुमार गौतम ने ठोस खाद छिड़कने वाली मशीन का माडल बनाया है। शिक्षा विभाग की ओर से यह माडल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भेजा गया था। प्रधानाध्यापक गणेश प्रसाद ने बताया कि छात्र का माडल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित कर ली गई है। इसके अलावा आठवीं के छात्र अनुराग कुशवाहा के वाल्व सेफ्टी लाकर, कक्षा छह की छात्रा साक्षी यादव का सिक आउट लेट व ड्रेन क्लीनर के माडल को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के चयनित किया गया है। कहा कि छात्रों की उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव की बात है। इससे छात्रों के साथ गुरुजनों में हर्ष व्याप्त है। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह, शिक्षक मनोज कुमार, भाग्यवती सिंह, रंजू सिंह आदि थे।