बोनस के लिए रनिग स्टाफ ने दिया धरना
जागरण संवाददाता पीडीडीयू नगर (चंदौली) केंद्रीय एवं जोनल कमेटी के आह्वान पर देश के प्रत्य
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : केंद्रीय एवं जोनल कमेटी के आह्वान पर देश के प्रत्येक लाबी पर सोमवार को आल इंडिया लोको रनिग स्टाफ एसोसिएशन ने एक दिवसीय धरना दिया। पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म दो पर क्रू लाबी में लोको पायलट व सहायक लोको पायलट ने बोनस की घोषणा न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। अधिकारियों पर शोषण करने का आरोप लगाया।
मंडल अध्यक्ष वसूल हक ने कहा कि धरने का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मियों को मिलने वाले बोनस की घोषणा का न होना है। बोनस अधिनियम 1965 के तहत प्रत्येक वर्ष मिलता है। दुर्गापूजा के मद्देनजर सभी रेल कर्मचारियों के बोनस का भुगतान किया जाए। ऐसे कर्मचारी जिनका बेसिक पे 43 हजार 600 रुपये से ऊपर है, रात ड्यूटी अलाउंस को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। इससे लोगों में काफी आक्रोश है। अधिकारी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। कर्मचारियों का शोषण चरम पर है। समस्या बताने पर अधिकारी टालमटोल करने लगते हैं। कहा कि धनबाद मंडल के अंतर्गत स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर अनावश्यक रूप से किया जा रहा है। ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मियों ने कोरोना महामारी के बावजूद लाकडाउन के दौरान भी कठिनाइयों का सामना करते हुए काम किया। इस वर्ष 15 प्रतिशत अधिक माल ढुलाई कर रेलवे को आर्थिक लाभ मिला। चेताया कि अगर बोनस नहीं मिला तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जितेंद्र यादव, डीके मिश्रा, सुनील कुमार, रवि कुमार, विनोद कुमार, अजीत वर्मा, यशवंत सिंह, आरजे सफी, केके सिन्हा, एम आलम, राघवेंद्र आदि शामिल थे।