फसल अवशेष सड़ाने से बढ़ेगी मिट्टी की उर्वरता
जागरण संवाददाता चंदौली मुख्यालय स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में बुधवार को दो दिवसीय कृषि गोष्ठी
जागरण संवाददाता, चंदौली : मुख्यालय स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में बुधवार को दो दिवसीय कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। साथ ही सब्जी, मशरूम, फल और फूल की खेती के लिए प्रेरित किया। प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।
नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशक प्रोफेसर एपी राव ने कहा, फसल अवशेष प्रबंधन के तमाम फायदे हैं। किसान पराली को यदि खेत में सड़ाएंगे तो खाद बनेगी। वहीं पर्यावरण प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। फसल अवशेष को नष्ट कर खाद बनाने के लिए तमाम तरह के यंत्र आ गए हैं। इनकी खरीद पर किसानों को सरकार की ओर से सब्सिडी भी मिल रही है। ऐसे में किसान खेती के तरीके में बदलाव करें। सीडीओ अजितेंद्र नारायण ने किसानों को उन्नत खेती करने की सलाह दी। केविके प्रभारी डाक्टर एसपी सिंह ने कहा, फसल अवशेष को जलाने पर रोक है। इसके चलते किसानों पर मुकदमे होते हैं। वहीं जुर्माना भी लगाया जाता है। इससे बचने के लिए सब्सिडी पर यंत्र खरीदकर फसल अवशेष का प्रबंध करें। इससे जैविक खाद तैयार कर खेतों की उर्वरता को बढ़ाएं। डाक्टर समीर पांडेय ने किसानों को खेती में विविधीकरण की जानकारी दी। बोले, धान, गेहूं के साथ ही किसान फल और सब्जी की खेती करें। इससे आय बढ़ेगी। वहीं कृषि लागत भी कम आएगी। बोले, संस्थान की ओर से मशरूम की खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है। अंत में दलहनी व तिलहनी फसल, स्ट्राबेरी व फूल की खेती करने वाले 20 प्रगतिशील महिला व पुरुष किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ---------------------
स्टाल लगाकर दी जानकारी
कृषि गोष्ठी में कृषि, पशुपालन, खादी ग्रामोद्योग समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाया गया था। यहां उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही इसको लेकर पंजीकरण का तरीका भी बताया।