डीएसटीओ दफ्तर में चोरी, चार दिन बाद एफआइआर
जागरण संवाददाता चंदौली आमजन के घरों के साथ ही चोरों ने अब अधिकारियों के आवास व दफ्तर
जागरण संवाददाता, चंदौली : आमजन के घरों के साथ ही चोरों ने अब अधिकारियों के आवास व दफ्तरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया। मुख्यालय स्थित जिला अर्थ व संख्या अधिकारी कार्यालय से चोर इनवर्टर की छह बैट्री चोर उठा ले गए। कोतवाली पुलिस ने 23 नवंबर की रात हुई चोरी का मुकदमा चार दिन बाद शनिवार को दर्ज किया।
छानबीन के नाम पर पुलिस डीएसटीओ को टरकाती रही। नगर में चोरी की घटनाएं बढ़ने से लोगों में आक्रोश है।
डीएसटीओ राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया 23 नवंबर की शाम आठ बजे तक दफ्तर में कामकाज हुआ। इसके बाद दफ्तर में ताला बंदकर आवास पर चले गए। 24 नवंबर की सुबह अधिकारी-कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो बैट्री और यूपीएस गायब था। दफ्तर के गेट का दरवाजा खुला था। चोर ताला तोड़कर दफ्तर के अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। साथ ही मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी। लेकिन पुलिस को मुकदमा दर्ज करने में चार दिन लग गया। आरोप लगाया पुलिस छानबीन के नाम पर दौड़ा रही है। एफआइआर दर्ज न होने से नई बैट्री और यूपीएस खरीदने में भी विलंब हो रहा है। इससे कामकाज प्रभावित है। जाड़े के मौसम में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। दीपावली के दौरान चोरों ने सीडीओ आवास की खिड़की की छड़ तोड़कर अंदर घुसकर चोरी की थी। वहीं सावजी पोखरा स्थित श्रीराम मंदिर का ताला तोड़कर नकदी और समर्सिबल पंप उठा ले गए थे। दो दिन पूर्व बिछिया गांव में छत के रास्ते ज्ञानू सिंह के घर चोरों ने सात लाख नकद और लाखों रुपये मूल्य के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस को अभी तक किसी भी मामले में कामयाबी नहीं मिली है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोग सवाल उठाने लगे हैं। कोतवाल अशोक मिश्र ने कहा डीएसटीओ कार्यालय में चोरी की घटना को लेकर 28 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर किया गया। चोरों का पता लगाया जा रहा है।