मुकदमा दर्ज नहीं होने पर प्रधान विकास कार्य को करेंगे ठप
सकलडीहा (चंदौली) जिले में सरकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों के बीच सामंजस्य बढ़ने के बजाय घट रहा है।
जागरण संवाददाता, सकलडीहा (चंदौली) : जिले में सरकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों के बीच सामंजस्य बढ़ने के बजाय घट रहा है। गुरुवार को ब्लाक मुख्यालय पर प्रधान संघ ने बथावर के लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर बीडीओ को पत्रक सौंपा। चेताया कि लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने पर प्रधान संघ विकास कार्य को ठप कर देंगे।
प्रधान संघ ने आरोप लगाया कि पिछले 21 सितम्बर को क्षेत्रीय लेखपाल ने अपने सहयोगी के साथ सांय पांच बजे गांव में पहुंचकर विपक्षी के साथ दुर्व्यवहार किया। उल्टे प्रधान दरियापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। यही नहीं लेखपाल संघ दबाव बनाकर प्रधान की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। प्रधान संघ ने चेताया कि लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने पर विकास कार्य को ठप कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।प्रधान संघ अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह चौहान, टुनटुन सिंह, संजय यादव, अश्वनी श्रीवास्तव, नीलम देवी आदि मौजूद थीं। वहीं दरियापुर प्रधान की गिरफ्तारी नहीं होने पर लेखपाल संघ भी लामबंद है। दूसरे दिन गुरुवार को लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। विनय सिंह, दीप राज आदि मौजूद थे।