भोजापुर में बनेगी पुलिस लाइन, डीएम ने किसानों संग की वार्ता
जनपद के सकलडीहा ब्लाक के भोजापुर गांव में पुलिस लाइन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से 125 किसानों की भूमि चिह्नित की गई है। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने इसको लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गांव के किसानों संग बैठक की।
जागरण संवाददाता, चंदौली : जनपद के सकलडीहा ब्लाक के भोजापुर गांव में पुलिस लाइन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से 125 किसानों की भूमि चिह्नित की गई है। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने इसको लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गांव के किसानों संग बैठक की। भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों संग वार्ता की गई। साथ ही मुआवजा आदि के बाबत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा पुलिस लाइन के लिए 125 किसानों की 23 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। किसानों की सहमति से भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। सामान्य भूमि का मुआवजा 37 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर के सर्किल रेट के हिसाब से दिया जाएगा। वहीं चकरोड पर स्थित जमीन का 37.40 लाख प्रति हेक्टेयर मिलेगा। चकरोड किनारे स्थित जमीन का मुआवजा 50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर दिया जाएगा। कहा गांव में पुलिस लाइन के निर्माण से ग्रामीणों को तमाम तरह के फायदे हैं। कानून व्यवस्था सु²ढ़ होगी। वहीं रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। किसानों की आने वाली पीढि़यों को भी इसका लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन किसानों संग सीधे संवाद करना चाहता है। ताकि बिचौलिए हावी न होने पाए। जमीन देने के बाद किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी। ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। किसानों को यदि किसी प्रकार की शंका हो तो सीधे संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस लाइन निर्माण को काफी दिनों से कवायद की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर जमीन चिह्नित की गई। लेकिन किसानों के साथ सहमति नहीं बनी। वहीं कई स्थानों पर पर्याप्त जमीन नहीं मिली। इसके चलते मामला अधर में लटक गया। फिलहाल भोजापुर गांव में जमीन तलाश ली गई है। इससे आकांक्षात्मक जिले में पुलिस लाइन के निर्माण की उम्मीद जग गई है। सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, एडीएम बच्चालाल, एसडीएम सकलडीहा विजय नरायन सिंह, डीडीओ पदमकांत शुक्ला, सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार मौजूद थे।