वन विभाग की टीम पर शिकारियों ने बोला हमला
जागरण संवाददाता चकिया (चंदौली) वन दारोगा सहित तीन वन कर्मियों पर शिकारियों ने रविवार
जागरण संवाददाता, चकिया (चंदौली) : वन दारोगा सहित तीन वन कर्मियों पर शिकारियों ने रविवार की भोर में हमला बोल दिया। वन दारोगा केशव सिंह समेत तीन वनरक्षक घायल हो गए। वन कर्मी शिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को शहाबगंज थाने पहुंचे तो मामला चकिया क्षेत्र का होने को कह कर भगा दिया गया। हुआ यह कि स्थानीय वन रेंज के सपही बीट से जंगली सुअर मारकर साइकिल से ले जा रहे शिकारियों को वन विभाग की टीम ने रविवार की भोर में घेराबंदी कर रोक लिया। खुद को घिरा देख शिकारी वन कर्मियों पर हमला बोल दिए। वन दारोगा केशव सिंह, वनरक्षक सियाराम व जसवंत सिंह घायल हो गए। अंधेरे का लाभ उठाते हुए जंगल के रास्ते से शिकारी फरार हो गए। दरअसल, वन क्षेत्राधिकारी एबी सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि सपही जंगल में कुछ शिकारी सुअर का शिकार कर साइकिल से ले जाने की फिराक में हैं। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए वन दारोगा केशव सिंह, धर्म ध्वजा सिंह के नेतृत्व में वनरक्षक जसवंत सिंह समेत आधा दर्जन वन कर्मियों को घेराबंदी का निर्देश दिया। सपही जंगल से मुख्य मार्ग पर आने वाले रास्ते पर वन कर्मियों ने घेराबंदी कर शिकारियों को पकड़ लिया, लेकिन शिकारी वन कर्मियों को मारपीट कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। वन कर्मियों ने शिकारियों की साइकिल व मृ़त सुअर (नर ) को रेंज कार्यालय ले आए।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आरपी भारती ने पोस्टमार्टम किया। जंगली सुअर का पोस्टमार्टम कराने के बाद समीपवर्ती जंगल में दफन कर दिया गया। विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वनरक्षक सियाराम तहरीर लेकर शहाबगंज थाने पहुंचे तो मामला चकिया थाना का होने को बता कर भगा दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी एबी सिंह ने बताया कि हमलावर शिकारियों की पहचान कर ली गई है। घटनाक्रम से पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रीति तिवारी को अवगत कराते हुए वन अधिनियम के तहत चार शिकारियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।