घने कोहरे में लिपटा रहा नरवन का इलाका
जागरण संवाददाता बरहनी (चंदौली) नरवन का इलाका रविवार को दूसरे दिन भी घने कोहरे की
जागरण संवाददाता, बरहनी (चंदौली) : नरवन का इलाका रविवार को दूसरे दिन भी घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरा ऐसा कि लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में मुसीबत का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर सन्नाटा पसरा रहा। चालक वाहनों की लाइट जलाकर चलते नजर आए। साढ़े नौ बजे के बाद सूरज की किरणों के धरती पर आने के बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि सर्द हवा के कारण लोग ठंड से परेशान रहे।
मौसम में रोज बदलाव देखने को मिल रहा है। शाम होते ही ठंड की गति जहां तेज हो जा रही है, वहीं सुबह घने कोहरे के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नरवन इलाके में सुबह पांच बजे के लगभग कोहरे ने अपना पांव पसारे तो साढ़े नौ बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं जिले के अन्य हिस्सों में भी कोहरे ने दस्तक दे दी है। मैदानी के साथ पहाड़ी इलाकों में भी कोहरे के कारण दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह कोहरे के कारण खेती किसानी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।