जानलेवा हो गया है जीटीआर ब्रिज मार्ग
जानलेवा हो गया है जीटीआर ब्रिज मार्ग
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : लोगों के लिए नगर के जीटीआर ब्रिज का मार्ग घातक बन गया है। वाहन चालकों को पता ही नहीं चलता कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क। अक्सर वाहन सवार दुर्घटना का शिकार होते हैं। फ्रेट कॉरिडोर के तहत ब्रिज के नीचे तीसरी रेल लाइन बिछाई जा रही है। ऊपर पुल बनाए जाने की वजह से पूरी सड़क की स्थिति दयनीय हो गई है। अगर लोग संभलकर नहीं चलें तो जान से भी हाथ धोना पड़ सकता है।
नगर में प्रवेश के लिए जीटीआर ब्रिज का मार्ग ही मुख्य है। इस ब्रिज से होकर जनपद सहित वाराणसी के लोगों की भी आवाजाही होती है। ब्रिज से होकर हजारों की संख्या में वाहन सवार गुजरते हैं। आधा पुल बन चुका है, अब आधा को बनाने की तैयारी चल रही है। पुल निर्माण की धुन में सड़क की स्थिति पर ध्यान ही नहीं दिया गया। इससे मार्ग ऊपर से नीचे तक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। आलम है कि ब्रिज के कुछ कदम की दूरी पर ही एक बड़ा गड्ढा बन गया है। अगर वाहन सवार ऊपर की तरफ जाते हैं और हल्की सी चूक में सीधे मौत से मुलाकात हो सकती है। मार्ग के मध्य की स्थिति यह कि ऊबड़ खाबड़ हो गया है। दिन में वाहन सवार किसी तरह बच बचाकर आवागमन कर लेते हैं लेकिन रात के समय दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। अंधेरे की वजह से गड्ढे का पता नहीं चल पता है और लोग घायल हो जाते हैं।