ट्रेनों पर पत्थरबाजों का कहर, यात्रियों में डर
जहरखुरानों चोरों व पाकेटमारों से परेशान रहने वाले यात्री अब पत्थरबाजों से परेशान हो गए हैं। आरा व बक्सर के बीच ट्रेन के गुजरते समय यात्री दहशतजदा हो जाते हैं। ऐसा इसलिए है कि पिछले तीन दिनों से ट्रेनों पर अराजक तत्व पत्थर बरसा दे रहे हैं। गुरुवार की रात जियारत एक्सप्रेस पर भी पत्थरबाजी हुई। ट्रेन जंक्शन पर पहुंची तो कर्मचारियों ने कोचों के क्षतिग्रस्त शीशों को दुरुस्त किया। संयोग यह रहा कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : जहरखुरानों, चोरों व पाकेटमारों से परेशान रहने वाले यात्री अब पत्थरबाजों से परेशान हैं। आरा व बक्सर के बीच ट्रेन के गुजरते समय यात्री दहशतजदा हो जाते हैं। ऐसा इसलिए है कि पिछले तीन दिनों से ट्रेनों पर अराजक तत्व पत्थर बरसा रहे हैं। गुरुवार की रात जियारत एक्सप्रेस पर भी पत्थरबाजी हुई। ट्रेन जंक्शन पर पहुंची तो कर्मचारियों ने कोचों के क्षतिग्रस्त शीशों को दुरुस्त किया। संयोग रहा कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
रात में जियारत एक्सप्रेस ट्रेन बक्सर के पास से गुजर रही थी। इसी बीच अराजक तत्वों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। यात्री दहशत में हो गए। ट्रेन रात्रि 12.08 बजे जंक्शन पर पहुंची। एएसआई रामदास दलबल के साथ ट्रेन के ए-1 कोच के बर्थ संख्या 17 व 18 के पास पहुंचे। वहां का शीशा टूटा हुआ था। संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और टूटे शीशों को दुरुस्त किए। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार हुआ है। इससे पहले भी कई ट्रेनों पर पत्थरबाजी हो चुकी है। इससे पहले सोमवार की रात आरा-बक्सर के बीच ही पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन पर अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी की थी। दूसरे दिन मंगलवार को आरा के पास 22459 हमसफर एक्सप्रेस पर भी पथराव हुआ। तीसरे दिन बुधवार की रात जियारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। लगातार हो रही घटना से यात्री भयभीत हैं।