भक्तों ने निकाली शोभायात्रा, जय श्रीराम का किया उद्घोष
जागरण संवाददाता सकलडीहा (चंदौली) अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विगत 15 जनवरी से
जागरण संवाददाता, सकलडीहा (चंदौली) : अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विगत 15 जनवरी से 15 फरवरी तक शोभा यात्रा निकाली जा रही है। इस क्रम में मंगलवार को सकलडीहा दुर्गा माता मंदिर से भाजपा, एबीवीपी, विश्व हिन्दू परिषद, आरएसएस व रामभक्तों ने शोभा यात्रा निकाली। जय श्रीराम के उद्घोष के साथ मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील की। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा की ओर से जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। दुर्गा माता मंदिर से भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी, अरविद पांडेय, अजीत पाठक, विद्यासागर, शैलेन्द्र पांडेय, पवन वर्मा, रमाशंकर खरवार, गुलाब सिंह व आरएसएस प्रांत पदाधिकारी राजन के नेतृत्व में रामभक्त उत्साह के साथ शोभा यात्रा में शामिल हुए। श्रीराम का उद्घोष करते हुए कस्बे का भ्रमण किया। नगरवासियों ने शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की। विकास पाठक, डा केएन पांडेय, सौरभ सिंह छोटू, स्वराज सिंह, सौरभ जायसवाल, अविनाश पांडेय सहित सैकड़ों रामभक्त शोभा यात्रा में शामिल थे।