शौचालयों का निर्माण अधूरा, ग्राम प्रधानों को नोटिस
जागरण संवाददाता नौगढ़ (चंदौली) विकास खंड के मझगावा चमेरबांध अमदहां व बरबसपुर।
जागरण संवाददाता, नौगढ़ (चंदौली) : विकास खंड के मझगावा, चमेरबांध, अमदहां व बरबसपुर के ग्राम प्रधानों को शौचालय निर्माण में गड़बड़ी पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बुधवार को प्रधानों को नोटिस जारी होने से खलबली मची रही। जिलास्तरीय और नोडल अधिकारियों के सत्यापन में शौचालय निर्माण की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है। शौचालयों का निर्माण अधूरा है। नोडल अधिकारियों के गांव में पहुंचने के बाद भी निर्माण कार्य में तेजी नहीं आई। इसे लापरवाही मानते हुए ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस का जवाब नहीं देने पर ग्राम प्रधानों के वित्तीय अधिकार सीज करने की कार्रवाई की जा सकती है। एडीओ पंचायत प्रेमचंद्र ने कहा कि कारण बताओ नोटिस की प्रति ग्राम प्रधानों को दे दी गई है।