पूजा पाठ के साथ शुरू हुआ 15 किमी सड़क का निर्माण
सकलडीहा (चंदौली) सकलडीहा-अलीनगर 15 किलोमीटर लंबे मार्ग मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। चार साल से अधिक समय से यह मार्ग क्षतिग्रस्त था।
जागरण संवाददाता, सकलडीहा (चंदौली) : सकलडीहा-अलीनगर 15 किलोमीटर लंबे मार्ग मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। चार साल से अधिक समय से यह मार्ग क्षतिग्रस्त था। राहगीरों को मुगलसराय जाने के लिये काफी परेशानी हो रही। हालांकि काम खत्म होने तक लोगों को अभी और परेशानी होगी।
मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि 15 किमी जाने में एक घंटे का अतिरिक्त समय लगता है। सोमवार को विभागीय अधिकारियों ने पूजा पाठ के साथ निर्माण कार्य शुरू कराया। सकलडीहा से अलीनगर तक यह मार्ग पिछले दिनों ओवरलोड वाहनों के आवागमन के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क में गड्ढा है कि गड्ढे में सड़क पता नहीं चल पा रहा था। इसके ऊपर से सड़क पर उड़ती धूल से लोग परेशान थे। अंतत: सांसद व केंद्रीय मंत्री डाक्टर महेंद्रनाथ पांडेय की पहल पर शासन से सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के लिये धन की स्वीकृति दी और इसे जल्द से जल्द निर्माण का निर्देश दिया। अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग बृजमद लाल पटेल ने कहा 15 किलोमीटर मार्ग का निर्माण होना है। 17 करोड़ के सापेक्ष 4 करोड़ स्वीकृत हुआ है। भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी, रामसुंदर चौहान, भानू प्रताप सिंह, कुमुद बिहारी सिंह, मंटू पांडेय, राकेश राजभर आदि थे।