शीतलहर से ठिठुरे लोग, जन जीवन अस्त व्यस्त
जागरण संवाददाता चंदौली कड़ाके की ठंड और गलन का दौर सोमवार को भी जारी रहा। सुबह
जागरण संवाददाता, चंदौली : कड़ाके की ठंड और गलन का दौर सोमवार को भी जारी रहा। सुबह घने कोहरे ने जहां वाहनों की रफ्तार रोक दी, वहीं गलन से जनजीवन बेहाल रहा। दिन में धूप तो खिली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। ऐसे में लोग अलाव से चिपके रहे। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
शनिवार से ठंड ने दोबारा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। रात में पारा गिरकर छह डिग्री तक पहुंच जा रहा है। वहीं शाम होते ही वातावरण में घने कोहरे की चादर लिपट जा रही है। सोमवार को भी ठंड ने सभी को बेहाल कर दिया। दिन में कुछ समय के लिए हल्की धूप खिली लेकिन शीतलहर धूप पर भारी रही। इसके चलते लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। सबसे अधिक परेशानी बाइक सवारों को हुई। चंद किलोमीटर के सफर में ही शीतलहर ने हिला दिया। ठंड के चलते शाम ढलते ही सड़कों पर भी सन्नाटा पसर गया।
कोहरे की चादर में लिपटा रहा वनांचल
जागरण संवाददाता, चकिया (चंदौली) : वनांचल क्षेत्र सोमवार की सुबह कड़ाके की ठंड व कोहरे की सफेद चादर से ढका रहा। इससे सुबह 11 बजे तक जहां वाहन रेंगकर चले। वहीं सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी कार्य से ही घरों से निकले। ठंड ऐसी कि हर तबका ठिठुर गया और घरों में कैद होकर रह गया है। एक पखवारे से मौसम की मार का असर आम जनमानस पर पड़ रहा है। सुबह से दोपहर तक कोहरा व ठंडी़ हवा लोगों को हाल बेहाल कर दे रही। जिन्हें अतिआवश्यक कार्य था वे ही घरों के बाहर निकले वहीं ज्यादातर लोग अलाव के आगे बैठे रहे।