शीतलहर से ठिठुरा जनमानस, दिनचर्या पर विपरीत असर
जागरण संवाददाता चंदौली धान के कटोरे में शीतलहर का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा ह
जागरण संवाददाता, चंदौली : धान के कटोरे में शीतलहर का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी कोहरे के कारण जहां लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं ठंड से जन जीवन बेहाल हो गया। इससे दिनचर्या पर विपरीत असर पड़ा। दोपहर 12 बजे के बाद हल्की धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने रविवार को भी इसी तरह की ठंड का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि रबी की फसलों के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है।
पिछले एक पखवारे से कड़ाके की ठंड और गलन का दौर जारी है। न्यूनतम पारा लुढ़ककर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे जनजीवन के साथ ही पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी के चलते पूर्वांचल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई दिनों से सर्दी चरम पर है। शनिवार को भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। सुबह के वक्त ठंड के चलते लोग बेहाल हो गए। दिन में हल्की धूप हुई लेकिन कोई खास राहत नहीं मिली। लोगों को मजबूरी में बाहर निकलना पड़ा तो अलाव से चिपके रहे। ठंड और गलन न सिर्फ जनजीवन को बेहाल कर रही है, बल्कि पशु-पक्षी भी परेशान हैं।