किसी पर फूटा गुस्सा तो कईयों का बढ़ाया मान
आरक्षण केंद्र से हटेगा धुंधला शीशा लगेगा टफन ग्लास
जासं, पीडीडीयू (चंदौली) : मंडल रेल प्रबंधक पंकज सक्सेना सोमवार को अचानक जंक्शन पर धमक पड़े। डीआरएम को आते देख कर्मचारियों में खलबली मच गई। उन्होंने गंदगी देख नाराजगी जताई, धूल से पटे आरक्षण केंद्र के शीशों को हटाने का निर्देश दिया। शीशों के स्थान पर टफन ग्लास लगवाने को कहा। निरीक्षण में डीआरएम ने खामियां मिलने पर कइयों की क्लास लगाई। कहा आरोग्य सेतु एप के बगैर किसी को जंक्शन पर जाने की अनुमति न दी जाए। स्टेशन पर शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए निशान लगवाएं। यात्रियों की सहूलियत के लिए सर्कुलेटिग एरिया से यात्री प्रतीक्षालय तक आवश्यक सूचनाओं के बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया।
लंबे समय से ट्रेन सेवाएं स्थगित चल रही थी। अब ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ है तो जंक्शन पर भीड़ बढ़ने लगी है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए यात्रियों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड होना अनिवार्य है। वहीं शारीरिक दूरी का पालन करते हुए चलना होगा। इस समय आरक्षण काउंटर पर यात्रियों की भीड़ लगने लगी है। निरीक्षण करने जंक्शन पहुंचे डीआरएम ने आरक्षण काउंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टिकट लेने के लिए यात्रियों को घेरे में खड़ा कराने को कहा। काउंटर के बाहर घेरे बनाएं, इसके बाद उन्होंने धुंधले हो चुके शीशों को बदलने को कहा। उसकी जगह टफन ग्लास लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद डीआरएम ने अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। डीआरएम ने कहा यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसका सभी अधिकारी व कर्मचारी ध्यान दें। जंक्शन से गुजरने वाले यात्रियों को मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष मिश्र, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रूपेश कुमार, वरीय मंडल अभियंता समन्वय अशोक कुमार आदि मौजूद रहे। खाना बांटने वालों को बढ़ाया मान
जंक्शन पर रोजाना 20 से 22 हजार श्रमिकों को खाना बांटने वाले कर्मचारियों का डीआरएम ने मान बढ़ाया। उनके कार्य की तारीफ की। श्रमिकों को कर्मचारी खाने के पैकेट व पानी की बोतलें उपलब्ध करा रहे हैं। डीआरएम ने कहा कि कर्मचारियों की ही वजह से सभी श्रमिकों को खाना व पानी मिल रहा है। आरपीएफ जवानों ने नियम का कराया पालन
जंक्शन पर आने वाले यात्रियों को नियम का पालन कराने के लिए आरपीएफ जवान मौजूद रहे। शालीनता के साथ यात्रियों की मदद करने में जवान लगे रहे। यात्रियों से दूरी बनाकर चलने की अपील की जा रही थी। आरक्षण काउंटर पर लगाई लगवाई जा रही थी।