लाठी चार्ज व फीस वृद्धि के खिलाफ अभाकिम कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
उन्नाव में किसानों पर लाठी चार्ज व जेएनयू में फीस वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्यालय के बिछियां स्थित धरनास्थल पर धरना दिया। इसके बाद जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जासं, चंदौली : उन्नाव में किसानों पर लाठी चार्ज व जेएनयू में फीस वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्यालय पर धरना दिया। जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अंत में राष्ट्रपति के नाम पत्रक अपर जिलाधिकारी को सौंपकर उत्पीड़न व फीस वृद्धि वापस लेने की मांग की। चेताया कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो देशव्यापी आंदोलन को विवश होंगे।
वक्ताओं ने कहा उन्नाव में हक के लिए आंदोलन कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। वहीं नई दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों की भी पिटाई की गई। सरकार के इशारे पर आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा के शासनकाल में नैतिक व लोकतांत्रिक मूल्यों का पतन हो रहा। यदि कोई इसके खिलाफ आवाज उठाने का प्रयास कर रहा तो पुलिस के दम पर इसे दबाने की कोशिश की जा रही। कहा उन्नाव में किसानों की उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। इसके बदले परिवार में एक व्यक्ति को नौकरी और उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था लेकिन बाद में शासन-प्रशासन अपने वादे से मुकर गया। अपने हक को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्ण ढंग से लाठी चार्ज किया था। पुलिसिया कार्रवाई में कई किसान घायल हो गए। जेएनयू की कार्रवाई से भी सरकार का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है। किसानों व गरीबों का उत्पीड़न हर हाल में रुकना चाहिए। भ्रष्टाचार व अपराध पर भी लगाम लगे। वरना सड़क पर उतरकर आंदोलन को विवश होंगे। ठाकुर प्रसाद, शशिकांत सिंह, कृष्णा राय, रमेश राय, सुनीता देवी, जीरा, बचानू, राजेश्वर, मेहदी हसन आदि मौजूद थे।