धार्मिक स्थलों में जाएंगे एक साथ अधिकतम पांच व्यक्ति
कोरोना संक्रमण गहराता जा रहा है। रोजाना रिकार्ड मरीज मिल रह
जागरण संवाददाता, चंदौली : कोरोना संक्रमण गहराता जा रहा है। रोजाना रिकार्ड मरीज मिल रहे हैं। इसी बीच नवरात्रि, रमजान और पंचायत चुनाव की वजह से संक्रमण तेज होने का खतरा सताने लगा है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी संजीव सिंह ने धार्मिक स्थलों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। मंदिर, मस्जिदों में अब एक साथ अधिकतम पांच व्यक्ति ही रहेंगे। गेट पर ही सैनिटाइजेशन व स्कैनिग होगी। शरीर का तापमान अधिक होने अथवा बीमार व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गाइडलाइन के अनुसार यदि समूह बनाकर लोग दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे तो उन्हें रोक दिया जाएगा। दो-दो, तीन-तीन लोगों के समूहों में बांटकर उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। डीएम ने श्रद्धालुओं से जूते-चप्पल वाहन में ही रखने की अपील की है। धार्मिक स्थलों के बाहर स्थित प्रसाद की दुकानों पर शारीरिक दूरी का पालन कराना जरूरी होगा। मंदिर के बाहर लाइन में लगे व्यक्तियों के बीच में छह फीट की दूरी अनिवार्य है। परिसर में प्रवेश व निकास की अलग-अलग व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। कहा, मंदिरों में प्रतिमा को स्पर्श करने और पवित्र जल का छिड़काव प्रतिबंधित रहेगा। परिसर में लाउडस्पीकर से भजन बजाया जा सकता है लेकिन लोग समूह में इकट्ठा होकर गायन नहीं कर सकते हैं। लंगर और सामुदायिक रसोईं के आयोजन के दौरान शारीरिक दूरी का पालन जरूरी होगा। परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना होगा। किसी बीमार व्यक्ति के परिसर में प्रवेश करने पर उसे अलग रखना होगा। चिकित्सकों से जांच कराने के बाद उसे निकटतम अस्पताल भेजा जाए। तब तक के लिए उसे फेस मास्क दिया जाएगा। डीएम ने नाइट कर्फ्यू का पालन कराने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा, ग्राम, मोहल्ला समितियों को सक्रिय कर दिया जाएगा। वहीं प्रवासियों व होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की विशेष तौर पर निगरानी की जाए।