गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी मिशन शक्ति की झलक
जागरण संवाददाता चंदौली गणतंत्र दिवस परेड में इस बार मिशन शक्ति की झलक दिखेगी। पुलिस की
जागरण संवाददाता, चंदौली : गणतंत्र दिवस परेड में इस बार मिशन शक्ति की झलक दिखेगी। पुलिस की सात टोलियों के साथ महिला कांस्टेबल की टुकड़ी भी शामिल होकर नारी सशक्तीकरण का संदेश देगी। आयोजन में केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमशीलता मंत्री और सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में पुलिस विभाग तैयारी में जुटा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शुक्रवार की सुबह परेड के रिहर्सल का जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज के ग्राउंड में गणतंत्र दिवस की परेड आयोजित होगी। इसको लेकर कई दिनों से तैयारी चल रही है। पुलिस विभाग की सात टोलियां तरह-तरह के शौर्य का प्रदर्शन करेंगी। इसके अलावा बज्र वाहन, फायर ब्रिगेड और डायल 112 के वाहन भी परेड में शामिल होंगे। स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए एएसपी आपरेशन अनिल कुमार व सीओ प्रीति तिवारी की देखरेख में तैयारी चल रही है। एसपी ने रिहर्सल के दौरान मातहतों को सही ढंग से जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी। बोले, तैयारी मुकम्मल होनी चाहिए। रिहर्सल के दौरान कमियों को चिह्नित कर तत्काल सुधार कर लें। कोरोना के मद्देनजर परेड ग्राउंड पर पूरी सतर्कता बरती जाएगी। ऐसे में लोगों के बैठने आदि की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। कुर्सियां इस तरह से लगवाई जाएं कि शारीरिक दूरी का पालन हो सके। वहीं परेड में शामिल जवानों के लिए भी कोविड प्रोटोकाल का पालन जरूरी है।