कृषि मंडी में 650 क्विटल खरीदा गया काला धान
कृषि मंडी में 650 क्विटल खरीदा गया काला धान
जासं, चंदौली : नवीन कृषि मंडी में मंगलवार को तीसरे दिन काला चावल कृषक समिति की ओर से खोले गए काउंटर पर 650 क्विटल काला धान खरीदा गया। पहले दिन 60 क्विटल धान खरीदा गया था। सदर, चहनियां, सकलडीहा, धानापुर व बरहनी सहित अन्य विकास खंडों के किसानों ने अपने उपज की बिक्री की। किसानों को 85 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपज का भुगतान उनके खाते में किया जाएगा।
धान के कटोरे के किसानों ने तकरीबन 500 हेक्टेअर में काला धान की खेती की थी। उपज की बिक्री को लेकर किसान परेशान थे। जिला प्रशासन व कृषि विभाग के प्रयास से गाजियाबाद की निजी कंपनी ने धान खरीदने को सहमति जताई। प्रशासन की ओर से धान क्रय की जिम्मेदारी काला चावल कृषक समिति को दी गई। नवीन मंडी में खोले काउंटर पर तीन दिनों में किसानों ने 650 क्विटल काला धान बेचा। धान की बिक्री के मद्देनजर कृषक समिति के पदाधिकारी काउंटर पर उपस्थित थे। कंपनी को धान की आपूर्ति को 35 किलोग्राम की एक बोरी बनाई जा रही है ताकि सुविधाजनक हो सके। नवीन कृषि मंडी में खोले गए काउंटर पर तीन दिन में 650 क्विटल काला धान खरीदा गया है। बिक्री व भुगतान की जिम्मेदारी कृषक समिति के पदाधिकारियों को दी गई है।
-अमित जायसवाल, कृषि उपनिदेशक।