आरपीएसएफ जवानों के लिए बनेगा 60 बेड का विश्रामालय
रेल यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले आरपीएसएफ के जवानों को रेलवे ने छांव देने की तैयारी की है। पार्सल कार्यालय के ऊपर जवानों के लिए बैरक बनाया जा रहा है।
जासं, पीडीडीयू नगर (चंदौली) : रेल यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने वाले आरपीएसएफ के जवानों को रेलवे ने छांव देने की तैयारी की है। पार्सल कार्यालय के ऊपर जवानों के लिए बैरक बनाया जा रहा है। ट्रेन को स्क्वायड करने के बाद जवान यहां पर आराम कर सकेंगे। बैरक का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शीघ्र ही जवानों को इसका लाभ मिलेगा। अन्य मंडलों से आने वाले जवानों को विश्राम करने में हो रही दिक्कत को देखते हुए रेलवे ने विश्रामालय निर्माण का निर्णय लिया था।
ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रेलवे प्रोटेक्शन स्पेशल फोर्स (आरपीएसएफ) के कंधों पर रहती है। रोजाना ट्रेनों में ड्यूटीरत जवान जंक्शन पहुंचते हैं और यहां से विभिन्न रेल रूटों के लिए रवाना होते हैं। स्थानीय जवानों के लिए यहां बैरक की व्यवस्था की गई लेकिन अन्य मंडलों से आने वाले जवानों को विश्राम करने के लिए कोई स्थान नहीं है। हालांकि प्लेटफार्म नंबर एक पर विश्रामालय की व्यवस्था थी लेकिन जगह छोटी होने की वजह से दिक्कत होती थी। इसके बाद इस व्यवस्था को दूसरे स्थान पर किया गया लेकिन वहां भी दिक्कत दूर नहीं हुई। रेलवे ने आरपीएसएफ जवानों के लिए अलग से विश्रामालय बनाने का निर्णय लिया है। पार्सल कार्यालय की छत पर जवानों के लिए विश्रामालय बनवाया जा रहा है। यहां दूसरे मंडलों से आने वाले जवानों को लाभ मिलेगा। लगभग 60 से 70 बेड वाले विश्रामालय में जवानों को हर सुविधा दी जाएगी। वर्तमान में विश्रामालय निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शीघ्र ही जवानों के लिए इसे शुरू करा दिया जाएगा।