हैंडपंप मरम्मत को ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जासं, सकलडीहा (चंदौली) : कस्बा के अंबेडकर नगर बस्ती में छह माह से खराब पड़े हैंडपंप क
जासं, सकलडीहा (चंदौली) : कस्बा के अंबेडकर नगर बस्ती में छह माह से खराब पड़े हैंडपंप को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से हैंडपंप मरम्मत कराने की मांग की।
पेयजल के लिए अम्बेडकर नगर के लोगों का इधर-उधर भटकना अब उनकी नियति बन गयी है। गिनती के हैंडपंपों में एक हैंडपंप ने लगने के बाद से ही गंदा पानी दे रहा था। कुछ दिन बाद पानी देना ही बंद हो गया। शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई। अधिकारियों ने प्रधान पर जिम्मेदारी डालकर अपना पीछा छुड़ा लिया। आरोप है कि प्रधान ने हैण्ड पम्प मरम्मत में कोई रुचि नहीं दिखाई। ग्रामीणों को पेयजल के लिए कुएं का सहारा लेना पड़ रहा है। कुंए का जल भी दूषित है। पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे ग्रामीणों का सब्र जब टूट गया तो रविवार को उन्होंने प्रधान व विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध प्रदर्शन किया। चेताया कि जल्द हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई गई तो ब्लाक का घेराव करेंगे। इस मौके पर अजीत कुमार, राजन कुमार, जगत प्रकाश, अशोक राम, लक्ष्मण , राजेश कुमार, नंदन, मनीष व कृष्णावती देवी, सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।