सैयदराजा जमानिया मार्ग पर 21 घंटे से जाम
सैयदराजा जमानिया मार्ग पर मंगलवार को 21 घंटे से जाम लगा है। इससे आवागमन करने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम होने का कारण गाजीपुर गंगा नदी के पुल में एक बार फिर से सोमवार की रात आई खराबी होना बताया जा रहा है। जाम छुड़ाने में पुलिस रात से ही परेशान रही। दोपहर बाद भारी मशक्कत करने पर एक तरफ से जाम छुटा तो लोगों ने राहत की सांस ली
जासं, बरहनी (चंदौली) : सैयदराजा जमानिया मार्ग पर मंगलवार को 21 घंटे से जाम लगा है। इससे आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम का कारण गाजीपुर गंगा नदी के पुल में सोमवार की रात से आई खराबी होना बताया जा रहा है। जाम छुड़ाने में पुलिस सोमवार की रात से परेशान है। हालांकि दोपहर बाद कड़ी मशक्कत के बाद एक तरफ से जाम छूटा तो लोगों ने राहत की सांस ली। देर शाम तक स्थिति जस की तस बनी रही।
गाजीपुर गंगा नदी पुल पर 30 नवंबर को बड़े वाहनों के आवागमन को छूट दी गई। पूर्व में वाहन सैयदराजा जमानिया मार्ग अमड़ा, धीना मार्ग से कमालपुर, सकलडीहा, चहनियां से सैदपुर होकर गाजीपुर जाते रहे। अब वे वाहन सीधे सैयदराजा जमानिया मार्ग से गाजीपुर गंगा नदी पुल पार कर जा रहे हैं। मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की संख्या बढ़ गई है। नतीजा नौ दिसंबर को पुलिया के स्प्रिंग में खराबी आ गई। इसके चलते वाहनों पर प्रशासन द्वारा रोक लगा दी गई। गाजीपुर गंगा नदी पुल इस पार तक व सैयदराजा तक जितने वाहन गंगा उस पार गाजीपुर, मऊ, बलिया, गोरखपुर, नेपाल आदि जगह जाने वाले वापस होने लगे। इससे सैयदराजा जमानिया मार्ग रात भर मार्ग के दोनों तरफ जाम रहा। सुबह होते ही जाम और भीषण हो गया। जाम छुड़ाने में पुलिस को ठंड में भी पसीने छूट गए। जाम में सवारी वाहन, स्कूल वैन, बस, एंबुलेंस आदि वाहन फंसे रहे।