प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोपे जाएंगे 1720 पौधे
पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण को मानसून सीजन में जनपद में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। वन विभाग की ओर से 10 लाख तो अन्य विभागों द्वारा 19 लाख पौधे लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से हर ग्राम पंचायत में 1720 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जागरण संवाददाता, चंदौली : पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण को मानसून सीजन में जनपद में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। वन विभाग की ओर से 10 लाख तो अन्य विभागों द्वारा 19 लाख पौधे लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से हर ग्राम पंचायत में 1720 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। गांव स्थित तालाबों के किनारे पंचवटी के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा किसानों को मुख्यमंत्री फलोद्यान व वृक्षधन योजना से भी लाभान्वित किया जाएगा।
जुलाई व अगस्त माह में जिले में कुल 29 लाख 82 हजार 480 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामुदायिक अथवा व्यक्तिगत भूमि में 1720 पौधों का रोपण कराया जाएगा। वहीं तालाबों के किनारे पीपल, आंवला, बरगद, अशोक व बेल के पौधे लगाए जाएंगे। शासन स्तर से चार फीट तक ऊंचाई के पौधे लगाने का निर्देश है, ताकि पौधों का विकास बेहतर ढंग से हो सके। जिला प्रशासन ग्राम पंचायतों में भूमि चिह्नित करने में जुटा है। वहीं मुख्यमंत्री फलोद्यान व मुख्यमंत्री कृषक वृक्षधन योजना को लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। फलोद्यान योजना के तहत किसानों के खेतों में और मेड़ पर आम, अमरूद समेत फलदार वृक्षों के पौधों का रोपण किया जाएगा, जबकि वृक्षधन योजना के तहत इमारती लकड़ी वाले पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की देखभाल व संरक्षण की जिम्मेदारी लाभार्थियों की होगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप