100 टन हुई खरीद, अभी नहीं हुआ भुगतान
जिले में क्रय केंद्रों पर अनाज की आवक शुरू हो गई है। अब तक तीन
जागरण संवाददाता, चंदौली : जिले में क्रय केंद्रों पर अनाज की आवक शुरू हो गई है। अब तक तीन केंद्रों पर 100 टन अनाज खरीदा जा चुका है। हालांकि, किसानों को अभी भुगतान नहीं हुआ है। किसानों को पैसा मिलने का इंतजार है। अधिकारी 72 घंटे के अंदर किसानों के खाते में पैसा पहुंचने का दावा कर रहे हैं। जिले में इस बार 2.34 लाख टन खरीद का लक्ष्य है। इस बार धान का उत्पादन भी ठीक है। ऐसे में सरकारी क्रय केंद्रों पर दबाव रहेगा।
शासन की मंशा के अनुरूप एक नवंबर से ही जिले में धान क्रय की प्रक्रिया शुरू है। शुरूआत के 20 दिन तक क्रय केंद्र पर अनाज नहीं पहुंचा। इसकी वजह से सन्नाटा पसरा रहा। 22 नवंबर से खरीद की बोहनी हुई। पहले दिन कांटा और मंडी समिति के क्रय केंद्रों पर 50 क्विंटल खरीद हुई। 23 नवंबर को मंडी समिति समेत जिले के अन्य केंद्रों पर अनाज खरीदा गया। विभाग के अनुसार दो दिनों में लगभग 100 टन अनाज की खरीद हो चुकी है। पारदर्शिता के लिए ई-पाप मशीन पर किसान व केंद्र प्रभारी का अंगूठा लगवाकर खरीद हो रही है। वहीं किसानों को रसीद देने के साथ ही उनका डाटा आनलाइन पोर्टल पर फीड किया गया है। शासन स्तर से किसानों के आधार लिक बैंक खातों में धनराशि भेजी जाएगी। अधिकारी 72 घंटे के अंदर शत-प्रतिशत किसानों को भुगतान का आश्वासन दे रहे हैं। लापरवाही पर नप जाएंगे केंद्र प्रभारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धान खरीद को लेकर संजीदा हैं। उन्होंने कमिश्नर व डीएम को खरीद की नियमित समीक्षा करने और क्रय केंद्रों के निरीक्षण का आदेश दिया है। ऐसे में केंद्र प्रभारियों पर उच्चाधिकारियों की नजर रहेगी। केंद्र प्रभारी की ओर से अनियमितता पाई गई तो उनके खिलाफ कार्रवाई तय है। ' जिले में 100 टन अनाज खरीदा गया है। 22 नवंबर से अनाज की आवक शुरू हुई। किसानों का डाटा आनलाइन अपलोड किया जा रहा है। उनके खाते में 72 घंटे के अंदर धनराशि का भुगतान कर दिया जाएगा। अनूप कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी आरएमओ