बुलंदशहर में डीजे बजाने के विवाद में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या Bulandshahr News
जिस घर में आज बेटी की डोली उठनी थी वहीं से भाई की अर्थी उठी। बीती रात डीजे बजाने के विवाद में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। जिले में डीजे बजाने के विवाद में एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पहासू थाना क्षेत्र के गांव गंगागढ़ निवासी बनवारी लाल की पुत्री की शादी आज यानि शनिवार को होनी थी। शुक्रवार देर रात उनके पड़ोसी डीजे बजाने लगे, जिससे बनवारी के यहां चल रही रस्मों में परेशानी होने लगी। इस पर बनवारी के पुत्र ब्रजेश उर्फ ब्रज कुमार और कोमल ने डीजे बजाने का विरोध किया। उस समय ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपित फिर से बनवारी के घर पहुंच गए। जहां उन्होंने ब्रज कुमार और कोमल पर चाकूओं से हमला करना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने दबोचा आरोपितों को
चाकू के हमले के चलते ब्रज कुमार और कोमल गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर शराबा सुनकर मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने दो आरोपितों को पकड़ लिया और उनसे चाकू भी छीन लिया। वहीं फोन करके जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया और दोनों घायलों भाइयों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायल ब्रज कुमार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि कोमल का उपचार चल रहा है। उधर, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है।
शादी की खुशियां गम में बदली
बनवारी लाल की पुत्री की शादी की तैयारियों में पूरा परिवार जुड़ा हुआ था। हंसी-खुशी पूरा परिवार शादी की प्रत्येक रस्मों को पूरा करने की तैयारी में लगा था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। ब्रज कुमार की हत्या के बाद शादी का माहौल गम में तब्दील हो गया।