हम तो विदेश से पहुंच गए..आप भी बूथ पर आइए
लोकतंत्र के महापर्व में एक-एक वोट की आहुति जरुरी होती है। इसलिए ही विदेशों में रहने वाले भारतीय भी मतदान करने के लिए अपने घरों पर आ गए हैं। मतदान में भागीदारी करने के लिए सात समंदर पार से आने वाले वोटरों ने बुलंदशहरवासियों से भी मतदान करने की अपील की है।
बुलंदशहर: लोकतंत्र के यज्ञ में एक-एक वोट की आहुति महत्वपूर्ण होती है। शायद यही सोचकर विदेशों में रहने वाले भारतीय भी मतदान के लिए अपने घर पहुंच चुके हैं।
डीएम रोड आवास-विकास निवासी डा. आकाश शर्मा एम्ब्रियोलॉजिस्ट हैं, जो अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों में काम करते हैं। फिलहाल वह लंदन में सेवाएं दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव में मतदान करने की खातिर वह शुक्रवार को ही अपने घर पहुंच गए। डा. आकाश ने कहा कि विदेशों की तुलना में हमारे देश में जागरूकता की कमी है। यहां घर के पास मतदान केन्द्र होने के बाद भी तमाम लोग वोट डालने नहीं जाते। वोट डालने के बाद शुक्रवार को वह लंदन रवाना हो जाएंगे। उनका कहना है कि सभी लोग मतदान के लिए समय निकालें। देश की प्रगति के लिए एक-एक वोट कीमती है। गुरुवार को सबसे पहले मतदान करें, इसके बाद कोई दूसरा काम।
उधर, स्याना के मोहल्ला पट्टी डहर निवासी वीरेंद्र त्यागी के बेटे अमित त्यागी पिछले कई साल से परिवार के साथ अमेरिका में नौकरी कर रहे हैं। उनकी पत्नी प्रिया त्यागी भी वहीं पर अध्यापिका हैं। वोट डालने के लिए बुधवार दोपहर अमित और प्रिया अमेरिका से अपने घर पहुंचे। पत्नी का मायका गाजियाबाद में है, लिहाजा वह गाजियाबाद में मतदान करेंगी। अमित का कहना है कि देश के लिए एक-एक वोट कीमती है, इसलिए मतदान जरूर करें। जब हम अमेरिका से मतदान के लिए यहां आ सकते हैं तो आप अपने घर से निकलकर मतदान केन्द्र तक क्यों नहीं जा सकते।