सपा के पूर्व सचिव का शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम Bulandshahr News
समाजवादी पार्टी के पूर्व सचिव व पूर्व प्रधान संजय शर्मा की हत्या को लेकर सोमवार को बदायूं स्टेट हाईवे को ग्रामीणों ने जाम कर दिया। हत्यारोपियों को पकड़ने की मांग की गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के पूर्व सचिव व पूर्व प्रधान संजय शर्मा की हत्या को लेकर सोमवार को बदायूं स्टेट हाईवे को ग्रामीणों ने जाम कर दिया। ग्रामीणों ने हत्या के मामले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख और अन्य हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। हाईवे पर रखा हुआ है मृतक संजय शर्मा का शव। ग्रामीण बोले, पहले आरोपित गिरफ्तार हो। उसके बाद ही खोलेंगे जाम। जाम लगाने की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अफसर भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तहेरा भाई भी हुआ था घायल
गौरतलब है कि शिकारपुर के थानाक्षेत्र के गांव कैलावन के समाजवादी पार्टी के पूर्व सचिव व पूर्व प्रधान की शनिवार की दोपहर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी, हत्या का आरोप गांव के शिकारपुर ब्लॉक के प्रमुख रह चुके मुकेश पंडित पर लगा है। देर शाम तक इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। मृतक का तहेरा भाई भी हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है।
कन्यादान करने जा रहे थे
कैलावन निवासी 50 वर्षीय संजय शर्मा उर्फ संजू सपा के जिला सचिव और कैलावन गांव के प्रधान रह चुके हैं। पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के पीआरओ भी रहे। शनिवार को गांव कैलावन में प्रकाश और उदयवीर शर्मा के यहां लड़कियों की शादियां थी। संजय शर्मा इन शादियों में कन्यादान करने के लिए बाइक से जा रहे थे, जबकि शिकारपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख मुकेश पंडित अपने तीन से चार साथियों के साथ कन्यादान करके लौट रहे थे। रास्ते में संजय शर्मा की बाइक पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश पंडित से टकरा गई। इसके बाद दोनों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश पंडित ने संजय शर्मा को तीन गोली मार दी।
असली वजह है चुनावी रंजिश
ग्रामीणों का कहना है कि संजय शर्मा इस बार भी ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ा था, जबकि पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने किसी दूसरे को चुनाव लड़ाया था। संजय शर्मा चुनाव हार गया था। दोनों पक्षों में तभी से रंजिश थी। वहीं एसपी देहात हरेंद्र कुमार का कहना है कि शादी समारोह से लौटते समय पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने की वारदात, बाइक टकराने को लेकर हुआ था दोनों में विवाद, एक घायल चश्मदीद चेतन का कहना है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश पंडित ने अपने साथियों के साथ संजय शर्मा को गोली मारी है।