20 दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
छतारी क्षेत्र के गांव अहमदबांस में 20 दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा हुआ है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।
खुर्जा: छतारी क्षेत्र के गांव अहमदबांस में 20 दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा हुआ है। जिसको नहीं बदले जाने पर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया और उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
छतारी क्षेत्र के गांव अहमदबांस में लगभग 20 दिन पहले 25 केवीए का ट्रांसफार्मर फूंक गया था। जिसके चलते उस ट्रांसफार्मर से जुड़े 50 घरों की बत्ती गुल हो गई। जिस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह को गांव में ही काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने के तुरंत बाद उनके द्वारा ऊर्जा निगम के अधिकारियों और टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा दी गई थी, लेकिन उसके बाद भी ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया है। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। मामले में उन्होंने गुरुवार को जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए ट्रांसफार्मर बदलवाए जाने की गुहार लगाई है। उधर एसडीओ डिबाई मनोज कुमार ने बताया कि मुझे जानकारी नहीं है। जेई से जानकारी लेकर ट्रांसफार्मर को एक-दो दिन में बदलवा दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामा देवी, ब्रह्मा, राजकुमारी, कमला देवी, मीना, नीटू देवी, खजानी देवी, शिवलाल, विनोद शर्मा, संजय शर्मा, देवीराम, देवपाल, देवेंद्र, राजू, प्रमोद आदि रहे।