झाडू लगा रही महिला को हाथ में मारी गोली
खुर्जा में झाड़ू लगाते समय रंजिशन हाथ में गोली मारने का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है।

बुलंदशहर, जेएनएन। खुर्जा में झाड़ू लगाते समय रंजिशन हाथ में गोली मारने का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है।
खुर्जा जंक्शन निवासी रश्मि देवी पत्नी रवि कुमार ने रविवार सुबह पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि सुबह करीब सात बजे वह घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति आ गया और उसने महिला की तरफ गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ में जा लगी। जिससे महिला घायल हो गई। स्वजन ने सरकारी अस्पताल में महिला का उपचार कराया। महिला ने जमीन के विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है और पूर्व में कुछ लोगों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात कही है। उधर, कोतवाली पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। जांच-पड़ताल कराई जा रही है। बाइक सवार ने घोड़ा तांगे में मारी चक्कर, पिता पुत्र घायल
बुलंदशहर, जेएनएन। ऊंचागांव क्षेत्र के गांव नरसेना में नहर की पटरी पर पैंठ में सब्जी बेचकर घोड़ा तांगे से घर लौट रहे पिता पुत्र को नशे में धुत बाइक सवार युवक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
गांव नरसेना निवासी बाबी पुत्र अतरपाल शनिवार को कस्बा ऊंचागांव लगने वाली साप्ताहिक पैंठ में सब्जी बेचकर घोड़ा तांगे से घर लौट रहा था। जब वह गांव नरसेना के नहर पुल के निकट पहुंचा तो पीछे से बुलेट पर सवार युवक ने तांगे को टक्कर मार दी। जिसमें सवार बाबी और उसका पुत्र दुष्यंत तांगे से गिर गए। जिसके गिरने से दुष्यंत के सिर में और बाबी के पैर में चोट लगने से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नरसेना पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और बाइक को कब्जे में ले लिया।
घायल के भाई सुमित कुमार ने बाइक सवार के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।
Edited By Jagran