टायर फटने से डिवाइडर से भिड़ा टेंपो, तीन घायल
नगर के जीटी रोड पर नेहरूपुर चुंगी के निकट टायर फटने के बाद टेंपो डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गये।
बुलंदशहर, जेएनएन। नगर के जीटी रोड पर नेहरूपुर चुंगी के निकट टायर फटने के बाद टेंपो डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
नगर के मोहल्ला मुरारीनगर निवासी चुन्नीलाल टेंपो चालक है। वह शनिवार सुबह सवारियां लेकर बुलंदशहर की ओर जा रहा था। नेहरूपुर चुंगी के निकट अचानक अगला टायर फटने से टेंपो अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जाकर टकरा गया। लोगों ने वाहन में सवार चुन्नीलाल, संदीप व रोहित को गंभीर हालत में निकाला। पुलिस ने तीनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सक ने चुन्नीलाल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
कार और ई-रिक्शा भिड़ने पर हंगामा
संवाद सहयोगी, खुर्जा: नगर के गांधी रोड पर एक कार और ई-रिक्शा भिड़ने पर काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने समझाकर शांत किया।
खुर्जा क्षेत्र के गांव अरनिया निवासी सुखदेव दोस्त के साथ कार द्वारा शनिवार को दोपहर दाताराम चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान गांधी रोड पर फत्तोबावली गेट के निकट सामने से आ रहे ई-रिक्शा से कार टकरा गई। इससे कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसे लेकर ई-रिक्शा और कार सवार लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दोनों वाहनों को कोतवाली ले आए। वहां ई-रिक्शा और कार चालक के बीच कार ठीक कराने को लेकर समझौता हुआ। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर नहीं मिली है।
सास-बहू के साथ छेड़छाड़
करने का आरोप
संवाद सहयोगी, खुर्जा: सास-बहू से छेड़छाड़ की घटना की पीड़ित पक्ष ने दो आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
खुर्जा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि शुक्रवार को सुबह को वह किसी कार्य से जेवर गया था। उसकी पत्नी और मां घर पर थीं। इसी दौरान दो लोग उनके घर में घुस आए। उनसे पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि दोनों आरोपितों ने उनकी पत्नी और मां से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे सामान तोड़ दिए। स्वजन के घर पहुंचने पर दोनों महिलाओं ने उन्हें जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित को जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।