बुलंदशहर में लूटपाट के दौरान परिजनों को बंधक बनाकर महिला संग सामूहिक दुष्कर्म Bulandshahr News
बुलंदशहर के स्याना कस्बे के एक मोहल्ले में घर में बदमाशों ने घिघौनी वारदात को अंजाम देते हुए लूटपाट के बाद महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
बुलंदशहर, जेएनएन। स्याना कस्बे के एक मोहल्ले में मंगलवार की रात को नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में धावा बोल दिया। बदमाशों ने लूटपाट की घटना के दौरान घर में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अफसरों ने मौके पर जानकारी ली।
पत्नी को जबरन दूसरे कमरे में ले गए
अनुसूचित जाति की पीड़ित महिला के पति के अनुसार मंगलवार की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। उसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसके घर में धावा बोल दिया। बताया कि बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। पीड़ित महिला के पति के अनुसार बदमाश उसकी पत्नी को जबरन दूसरे कमरे में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस कर रही है जांच
बदमाश घर से इनवर्टर बैटरी, एक मोबाइल फोन के अलावा कीमती सामान लूटकर ले गए। किसी तरह घर के मुखिया ने अपने हाथ पैर खोल कर पड़ोसी के फोन से घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सीओ और कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ धनप्रकाश त्यागी ने बताया की पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपार्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप