सूर्यदेव की तपिश झुलसाने को कर रही मजबूर
जेएनएन बुलंदशहरकोरोना काल के बीच पिछले सप्ताह भर से गर्मी ने भी अपने तेवर दिखा दिए हैं। आलम यह है कि पारा 40 के पार जा रहा है।
जेएनएन, बुलंदशहर,कोरोना काल के बीच पिछले सप्ताह भर से गर्मी ने भी अपने तेवर दिखा दिए हैं। आलम यह है कि पारा 40 के पार जा रहा है। जबकि जिले के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आसमान में बादल उमड़ घुमड़ रहे हैं, लेकिन बिन बरसे बादल आगे बढ़ रहे हैं। बादलों के हटते ही आसमान से आग बरस रही है। सूर्यदेव की तपिश झुलसाने को मजबूर कर रही है। मौसम विभाग ने अभी दो दिन बूंदाबांदी नहीं होने की संभावना जताई है। तापमान में इसी तरह का उछाल बना रहने का पूर्वानुमान जताया है।
सुबह के समय आसमान में छाई बदली
गुरुवार को सुबह के समय बदली छाई। सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हुए। हवा में भी ठंडक बनी रही। हालांकि दिन चढ़ते ही तेज धूप खिलने लगी। सूर्यदेव की तपिश बढ़ने के कारण हवा भी गर्म होने लगी। दोपहर में पारा और चढ़ने लगा। लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा।
जबकि शाम के समय आसमान में बदली भी नजर आई। वहीं, रात्रि के समय लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसमी बीमारियों के पनपने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक डा. रामानंद पटेल ने बताया कि पारा चढ़ने से तेज धूप खिल रही है और गर्मी का अहसास हो रहा है। आद्रता गिरने से उमस ऐसी कि नहाते वक्त भी लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। लू बनकर चली हवा भी राहत नहीं दे पा रही है। जबकि आसपास के जिलों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का भी असर दिख रहा है। इससे बदली छाने की संभावना बनी हुई है, लेकिन अभी बूंदाबांदी के आसार नहीं है। ऐसे में मौसमी बीमारियों के पनपने की संभावना बढ़ गई है।
23 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी हवा
अलग-अलग दिनों में तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार रहेंगे। जबकि अधिकतम सापेक्षी आद्रता 44-47 और न्यूनतम 38-33 फीसद तक पहुंचने की संभावना रहेगी। दक्षिणी-पश्चिमी दिशा से 23 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। फिर इसकी दिशा बदलकर पश्चिमी हो जाएगी और गति 19 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने की संभावना रहेगी।