दोपहर तक तेज धूप और फिर हल्की बारिश
मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है। पिछले तीन दिन से तापमान कम होने के बाद भी उमस और गर्मी ने दम निकाले रखा है। गुरुवार को दोपहर तक तेज धूप और उमस के बाद हल्की बारिश हुई। इससे उमस और भी ज्यादा बढ़ गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है। पिछले तीन दिन से तापमान कम होने के बाद भी उमस और गर्मी ने दम निकाले रखा है। गुरुवार को दोपहर तक तेज धूप और उमस के बाद हल्की बारिश हुई। इससे उमस और भी ज्यादा बढ़ गई। बादल कई दिनों से आसमान में आ रहे हैं और निराश करके लौट रहे हैं।
गुरुवार को मौसम साफ होने के कारण सूरज की किरणें धरती पर सीधी पड़ीं। इसलिए धूप सुबह से ही तेज रही। साथ ही उमस ने भी हालत खराब रखी। दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।मौसम के उतार-चढ़ाव को लेकर किसान भी हैरान और परेशान हैं। बारिश और बादलों के चलते पिछले कई दिनों तक तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं गया बावजूद इसके गर्मी हालत खराब कर रही है। केवीके के मौसमविद् रामानंद पटेल का कहना है कि शुक्रवार को फिर बारिश होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी। जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह का कहना है कि धान की फसल को अभी और बारिश की जरूरत है। बारिश से सभी फसलों को लाभ होगा। हल्की हवा और बूदाबांदी से डरा ऊर्जा निगम, बंद की बिजली आपूर्ति
संवाद सहयोगी, सिकंदराबाद : आंधी और बारिश से हुए नुकसान से ऊर्जा निगम इतना डरा हुआ है कि गुरुवार को हल्की हवा और बूंदाबांदी से बिजली आपूर्ति बंद कर दी। करीब 15 मिनट बूंदाबांदी होने के बाद मौसम साफ हो गया, लेकिन ऊर्जा निगम ने नगर में एक घंटे और देहात में तीन घंटे बाद आपूर्ति सुचारू की हुई। एसडीओ नितिन वर्मा ने बताया कि बरसात से कोई दिक्कत नहीं, लेकिन हवा के साथ बरसात से लाइनों से पेड़ की शाखाएं टकराने से हाई वोल्टेज की आशंका बनी रहती है। जिस कारण इस अवधि में उपकेंद्रों से आपूर्ति बंद करनी पड़ती है। जांच करने के बाद ही फीडरवार आपूर्ति छोड़ी जाती है।