बेसहारा गोवंशों को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडें
सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बोढ़ा में बेसहारा गोवंशों को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी डंडे चले। मारपीट में एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल जबकि कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के चोटिल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी है।
जेएनएन, बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बोढ़ा में बेसहारा गोवंशों को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी, डंडे चले। मारपीट में एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल जबकि कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के चोटिल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी है।
गांव बोढ़ा निवासी गजेंद्र पुत्र शीशपाल का गांव में ही घेर स्थित है। रविवार की दोपहर उसके पड़ोसी मुकेश और शिब्बू उसके घेर में बेसहारा गोवंशों को घुसा रहे थे। इसका गजेंद्र ने विरोध किया। इसको लेकर मुकेश और शिब्बू की गजेंद्र से कहासुनी हो गयी। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग लाठी, डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से हुई मारपीट में कई लोग चोटिल हो गए। बीच बचाव में आयी एक पक्ष की 70 वर्षीय वृद्धा रामकली गंभीर रूप से घायल हो गयी। एक पक्ष से मुकेश, लवली, प्रकाशवती, दया, तोशी, लकी, चोटिल हो गए। दूसरे पक्ष से गजेंद्र और शीशपाल समेत तीन लोग चोटिल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घायल लोगों अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले पक्ष पर खेतों में बेसहारा गोवंशों को घुसाने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों के लोगों ने पुलिस को एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में लिया है।
दो दोस्तों को लोहे की राड से पीटकर किया लहूलुहान
दो दोस्तों पर मामूली कहासुनी होने पर चार आरोपितों ने लोहे की राड से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के दखल के बाद मामला शांत हो सका। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तरीनान निवासी वसीम अपने दोस्त सलीमुद्दीन के साथ शनिवार शाम घर पर बैठा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी मोहल्ले के चार लोग आ गए। उन्होंने दोनों दोस्तों से गाली गलौज करना शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लोहे की राड से दोनों को बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आसपास के काफी लोग एकत्र हो गए। उन्होंने किसी तरह से दोनों दोस्तों को बचाया और अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार कराने के बाद दोनों पीड़ित कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस को नामजद तहरीर दी है।