पहाड़ों की बर्फबारी, लोगों पर पड़ रही भारी
सर्दी का सितम लोगों पर कहर बरपा रहा है। बर्फीली हवा के थपेड़ों से सूरज भी ठिठुर गया। सोमवार को दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। न्यूनतम तापमान अभी भी तीन डिग्री सेल्सियस पर बरकरार है।
बुलंदशहर, जेएनएन। सर्दी का सितम लोगों पर कहर बरपा रहा है। बर्फीली हवा के थपेड़ों से सूरज भी ठिठुर गया। सोमवार को दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। न्यूनतम तापमान अभी भी तीन डिग्री सेल्सियस पर बरकरार है। नतीजन अभी भी जिले में पहाड़ से ज्यादा ठंड पड़ रही है।
रविवार रात 12 बजे से ही कोहरा शुरू हो गया। सोमवार सुबह जब लोग जगे तो चारों तरफ घना कोहरा छाया था। कोहरे के कारण विजिविलटी 30 मीटर के करीब थी, जिस कारण स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सोमवार को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। गर्म कपड़ों में पैक होने के बाद भी लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। दिन का अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तापमान 03 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, इसलिए पहाड़ों की बर्फबारी की ठंड मैदान तक मार कर रही है। शीतलहर के बीच सूर्य न निकलने के चलते ठंड का प्रकोप प्रचंड हो गया है। घूमने वालों की संख्या में कमी
कड़ाके की सर्दी में बीमार होने के डर से लोगों ने सुबह-शाम का टहलना बंद कर दिया है। मार्निंग वाक करने वालों की संख्या आधी रह गई है। उनमें भी केवल युवा ही घूमने के लिए जाते हैं। ट्रेन और बस में घटे यात्री
सर्दी के प्रकोप का असर रेलवे और रोडवेज के राजस्व पर भी पड़ रहा है। ठंड के चलते ट्रेन और बस में यात्रियों की संख्या घट गई है। सर्दी के चलते पिछले दस दिन में रोडवेज को करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पारा
बुलंदशहर 13, 03
दिल्ली 13 04
देहरादून 14 07
शिमला 06 04
जम्मू 14 05
कुल्लू 16 06
मेरठ 13 04
मुजफ्फरनगर 13 04
श्रीनगर 06 01
लखनऊ 13 03
नैनीताल 06 01
मसूरी 07 01
मुंबई 31 23