बीबीनगर में हुई फायरिग प्रकरण में दोनों पक्ष के छह-छह नामजद
बीबीनगर थानाक्षेत्र के गांव तिबड़ा में शनिवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुई फायरिग में पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों की तरफ से छह-छह लोगों को नामजद कराया गया है। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जेएनएन, बुलंदशहर। बीबीनगर थानाक्षेत्र के गांव तिबड़ा में शनिवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुई फायरिग में पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों की तरफ से छह-छह लोगों को नामजद कराया गया है। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गांव तिबड़ा निवासी शीला पत्नी संजय ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि शनिवार की दोपहर में गांव के ही सचिन, प्रियांशु, आकाश, सुरेंद्र, बंटी, सागर उसके घर में घुस आए और लाठी डंडों एवं लोहे के सरियों से पिटाई करनी शुरू कर दी। जिससे उनके परिवार के भिक्कन के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, जान से मारने की नीयत से फायरिग करने का भी आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष के हरेंद्र सिंह पुत्र बलबीर सिंह निवासी बाहपुर ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह उसका भांजा आदेश तिबड़ा गांव से उनके गांव में आ रहा था। रास्ते में उसे कुछ लोगों ने रोक लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान अन्य युवकों को बुला लिया गया। इन युवकों ने आदेश को गोली मार दी। जिससे वह जमीन पर गिर गया। बाद में आरोपित फरार हो गए। हरेंद्र ने गांव तिबड़ा के ही गोली, गुलशन, सिटू, नीरज, संजय निशांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बीबीनगर थाना प्रभारी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में फिर से खुनखराबा होने का खतरा है।