24 घंटे में छह की मौत, 112 नए संक्रमित
जेएनएन बुलंदशहर जिले में कोरोना संक्रमण खतरनाक रूप अख्तियार कर चुका है। बुधवार को 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से छह की मौत हुई है।
जेएनएन: बुलंदशहर:
जिले में कोरोना संक्रमण खतरनाक रूप अख्तियार कर चुका है। बुधवार को 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से छह की मौत हुई है। इस दौरान नए 112 पाजिटिव सामने आए हैं जबकि 179 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में एक्टिव केस 2611 है जबकि अब तक संक्रमण की चपेट में आकर करने वालों की संख्या 121 हो गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रोहताश यादव ने बताया कि, कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को इसकी चपेट में आने से छह लोगों की मौत हुई। नए संक्रमित मरीजों की संख्या 112 रही। हालांकि 179 मरीज स्वस्थ हुए। जिन्हें छुट्टी दे दी गई। जिले में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 2611 हो गई हैं। जिले में अब तक 8288 मरीज स्वस्थ्य होकर अपनों के बीच लौट चुके हैं। संक्रमितों की संख्या 11017 हो गई है।
नान कोविड अस्पताल में भी बिगड़ रहे हालात
बुलंदशहर: जिले में कोरोना संक्रमण के बाद हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। जिले के आईसीयू व आक्सीजन बेड वाले सभी कोविड अस्पताल फुल हो चुके हैं। लेकिन संक्रमण की रफ्तार के बीच ऐसे मरीजों को भी परेशान होना पड़ रहा है, जिन्हें नोन कोविड अस्पताल में भर्ती नही किया जा रहा है। ऐसे मरीजों को लौटाया जा रहा है, जो जो सांस के मरीज हैं और आक्सीजन लगानी पड़ सकती है। इसके पीछे की वजह आक्सीजन की कमी है।
जनपद में 50 से ज्यादा अस्पताल है। पांच अस्पतालों को कोविड सेंटर बनाया गया है। यहां कोविड संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। आक्सीजन आपूर्ति प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में हो रही है। इसलिए आक्सीजन की आपूर्ति पहले कोविड अस्पताल में की जा रही है। नोन कोविड अस्पताल में आक्सीजन की सप्लाई उस गति से नहीं हो रही है, जो होनी चाहिए। आईएमए सचिव पहले ही यह बता चुके हैं कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को भर्ती करने को मना किया है। सचिव डा. संजीव अग्रवाल ने बताया कि आक्सीजन की सप्लाई सीमित है, इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी से बात की और 400 रुपये प्रति सिलेंडर से भी सप्लाई कराने को कहा। इस बावत जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी सीडीओ को भी निर्देशित कर दिया है कि, डिमांड के हिसाब से सप्लाई कराई जाए ताकि मरीजों को समय रहते आक्सीजन मिल सके।