युवक ने बाजार में दौड़ाई स्कार्पियो, सात घायल
भैया दूज पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ अधिक थी। एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सवार ने बाजार में गाड़ी दौड़ा दी। जिसके चपेट में आने से दो महिला व दो बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए।
बुलंदशहर, जेएनएन। भैया दूज पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ अधिक थी। एक तेज रफ्तार स्कार्पियो सवार ने बाजार में गाड़ी दौड़ा दी। जिसके चपेट में आने से दो महिला व दो बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। इस पर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां से दोनों महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम थौना निवासी हरेंद्र ने बताया कि वह बाइक से पत्नी अंजू, बेटे प्रिंस व बेटी खुशबू के साथ पत्नी के मायके जा रहा था। नगर स्थित झंगीरी मल की मंडी बाजार में खरीदारी करने को रुका था। दूसरी ओर जिला हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम जखेड़ा निवासी राजवती भी अपने भाई प्रेम के साथ बाजार में सामान खरीदने आई थी। वहीं कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नहचौली निवासी चंद्रपाल बाजार में खरीदारी कर रहा था। इस दौरान सामने से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टक्कर मारकर सातों को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हरेंद्र, प्रिंस, खुशबू, चंद्रपाल व प्रेम प्रारंभिक उपचार के बाद घर भेज दिया। जबकि अंजू व राजवती को गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि रानपुर निवासी आरोपित चालक इस्लामुद्दीन को गाड़ी सहित हिरासत में ले लिया गया है। बताया कि अभी पीड़ितों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।