समस्याओं को लेकर राशन डीलरों ने किया हंगामा
अपनी समस्याओं को लेकर राशन डीलरों ने हंगामा किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों और कर्मियों पर राशन देने के दौरान वसूली का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंची ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने राशन डीलरों को शांत कराया और डीलरों की शिकायत पर उन्हें समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
बुलंदशहर, जेएनएन। अपनी समस्याओं को लेकर राशन डीलरों ने हंगामा किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों और कर्मियों पर राशन देने के दौरान वसूली का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंची ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने राशन डीलरों को शांत कराया और डीलरों की शिकायत पर उन्हें समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
खुर्जा में तहसील के निकट सोमवार सुबह को काफी राशन डीलर एकत्र हो गए। जहां उन्होंने शारीरिक दूरी बनाते हुए बैठक आयोजित की। जिसमें डीलरों ने कहा कि कुछ लोग ग्रामीणों को भड़का रहे हैं। जिसके बाद ग्रामीण प्रशासन से झूठी शिकायत कर रहे हैं। जिस कारण डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि डीलर पहले की तरह ही उचित राशन ग्रामीणों को बांट रहे हैं। वही कुछ डीलरों द्वारा विभागीय कर्मियों और अधिकारियों पर राशन देते समय वसूली करने का भी आरोप लगाया। हंगामा की सूचना मिलने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशा प्रिया, आपूर्ति निरीक्षक पूनम मौके पर पहुंच गई। जहां ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने राशन डीलरों की समस्या को सुना और वार्ता करते हुए उन्हें समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि शासन के अनुरूप ही डीलर राशन का वितरण करना सुनिश्चित करें। जिसके बाद राशन डीलरों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र सौंपा और वहां से चले गए।