जाम की गिरफ्त में रही पाटरी नगरी, दिन भर रेंगते रहे वाहन
पॉटरी नगरी में लगने वाले जाम से लोगों को निजात नहीं मिल रही है। शुक्रवार को दिनभर नगर के अधिकांश मार्ग जाम की गिरफ्त में रहे। इस कारण राहगीरों को परेशानी हुई। वहीं दूसरी तरफ पुलिसकर्मी भी दिनभर वाहनों को इधर-उधर कराते हुए नजर आए।
बुलंदशहर, जेएनएन। पॉटरी नगरी में लगने वाले जाम से लोगों को निजात नहीं मिल रही है। शुक्रवार को दिनभर नगर के अधिकांश मार्ग जाम की गिरफ्त में रहे। इस कारण राहगीरों को परेशानी हुई। वहीं, दूसरी तरफ पुलिसकर्मी भी दिनभर वाहनों को इधर-उधर कराते हुए नजर आए।
खुर्जा के गांधी मार्ग से ही होकर अधिकांश बाजारों का रास्ता जाता है। इसके अलावा गांधी मार्ग पर वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की भी कोई व्यवस्था नहीं है। साथ ही मार्ग पर बने फुटपाथ पर दिनभर दुकानदारों का कब्जा रहता है। जिस कारण बाजार आने वाले लोग सड़क किनारे अपने वाहनों को खड़ा करना शुरू कर देते हैं। ऐसे में मार्ग पर सुबह से ही जाम लगना शुरू हो जाता है। शुक्रवार को भी सुबह से ही गांधी मार्ग जाम की गिरफ्त में आ गया। इसके बाद दोपहर के समय हालत और भी अधिक खराब हो गए। गांधी मार्ग पर लगे जाम के कारण जेवर अड्डा चौराहा और तहसील-खुर्जा जंक्शन मार्ग पर भी वाहन जाम में फंस गए। इस कारण राहगीरों को काफी परेशानी हुई। राहगीरों को महज पांच सौ मीटर की दूरी तय करने में आधा घंटे से अधिक समय लग गया। उधर दूसरी तरफ पुलिसकर्मी भी दिनभर जाम को खुलवाने में व्यस्त दिखाई दिए। जाम से निजात दिलाने के लिए जेवर अड्डा चौराहा, पदम सिंह गेट, कबाड़ी बाजार समेत कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई हैं, लेकिन उसके बाद भी जाम से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है।