पॉटरी उद्योग की भट्ठी तोड़ी, सील कर लगाया जुर्माना
हवा और पानी को जहरीला करने वाली फैक्ट्रियों पर कार्रवाई जारी है।
बुलंदशहर, जेएनएन : हवा और पानी को जहरीला करने वाली फैक्ट्रियों पर कार्रवाई जारी है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने गुरुवार को खुर्जा के दो पॉटरी उद्योग पर कार्रवाई की। एक उद्योग में उपलों से जलने वाली बड़ी भट्ठी को तोड़ा गया, जबकि दूसरी को सील कर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि एनजीटी के आदेश और प्रशासन के निर्देश पर प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत खुर्जा के बरौली रोड स्थित एमएस चमन पाटरी उद्योग पर छापा मारा गया। यहां काला तेल का प्रयोग कप, प्लेट आदि को पकाने के लिए किया जा रहा था। जिससे अधिक धुआं निकलता है। इस पर फैक्ट्री को सील कर इस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी के साथ टीम ने मुरारीनगर स्थित मो. फाजिल पॉटरी उद्योग में चेकिग की गई। यहां उपलों से जलने वाली एक बड़ी भट्ठी चलती मिली। भट्ठी को तुड़वा दिया गया। अब तक बोर्ड के अधिकारी बीस से अधिक फैक्ट्री पर कार्रवाई कर चुके हैं। इसमें भट्ठे, फैक्ट्री, कोल्हू आदि पर कार्रवाई हुई है।
----
पांच साबुन फैक्ट्रियों को नोटिस
-बुलंदशहर और इसके आसपास चलने वाली पांच साबुन फैक्ट्रियों को भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस दिया है। इन फैक्ट्रियों में भट्ठी का प्रयोग हो रहा है। साथ ही पानी भी बिना ट्रीटमेंट के नालियों में डाला जाता है। क्षेत्रीय अधिकारी का कहना है कि बंद न करने पर इन पर जुर्माना लगाया जाएगा।
-----
इन्होंने कहा ..
एनजीटी के आदेशों पर वायू प्रदूषण फैलाने वाली इकाईयों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को भी खुर्जा में चल रही भट्ठी तोड़ी गई और जुर्माना भी लगाया गया। साथ ही पांच साबुन फैक्ट्रियों को नोटिस भी जारी किया गया।
- जीएस श्रीवास्तव, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी