डीएम के स्टिग में खुली लॉकडाउन की पोल, कई पर गाज
लॉकडाउन का पुलिस कैसे पालन करा रही है। इसका स्टिंग आपरेशन करने के लिए शनिवार सुबह सात बजे डीएम एक प्राइवेट कार से जिले की सड़कों पर निकल गए।
बुलंदशहर, जेएनएन। लॉकडाउन का पुलिस कैसे पालन करा रही है। इसका स्टिंग आपरेशन करने के लिए शनिवार सुबह सात बजे डीएम एक प्राइवेट कार से जिले की सड़कों पर निकल गए। उन्होंने शहर के कई मोहल्लों और चौराहों की स्थिति की जायजा लिया। इसके बाद वह देहात के कस्बों का भी जायजा लिया जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी में लापरवाही बरतते हुए मिले। आइए बताए कैसे और कब जिलाधिकारी रविद्र कुमार ने लॉकडाउन को लेकर यह स्टिग आपरेशन किया..। पहला स्टिग
शनिवार सुबह साढ़े सात बजे शहर के डीएम रोड, डिप्टी गंज चौराहा, स्याना अड्डा पर जिलाधिकारी प्राइवेट कार से पहुंचे। स्याना अड्डे पर वाहनों का धड़ल्ले से वाहनों का आवागमन हो रहा था। यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसएसपी को कार्रवाई करने के लिए भी डीएम ने पत्र लिखा है। यहां पर एक कांस्टेबल अखिलेश यादव ड्यूटी पर मोबाइल चलाते हुए पाया गया, जिसे डीएम ने निलंबित करने के आदेश दिया है। दूसरा स्टिग
करीब आठ बजे कृषि उत्पादन मंडी समिति में डीएम पैदल और मास्क लगाकर पहुंचे। यहां पर शारीरिक दूरी का पालन कतई नहीं हो रहा था। इस संबंध में प्रभारी अधिकारी मंडी समिति अपर जिलाधिकारी न्यायिक को सचिव मंडी का स्पष्टीकरण के साथ कार्रवाई के आदेश दिए। इसके अलावा मंडी परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों का भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीसरा स्टिग
साढ़े आठ बजे सिकंदराबाद में भी डीएम प्राइवेट गाड़ी से पहुंचे। निरीक्षण के दौरान दनकौर तिराहे पर ठेलों पर बिना मास्क लगाए फल बेचने को लेकर तीन लोगों को यहां पर तैनात पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसी तिराहे पर तैनात ट्रैफिक सिपाही रोहताश शर्मा और पीआरडी के गार्ड गजेंद्र सिंह तेवतिया एवं संजय कुमार को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के आदेश दिए। ये सिपाही स्टिंग में हुआ पास
दनकौर तिराहे पर तैनात सिपाही अरुण कुमार अपना कार्य बखूबी करते हुए पाए गए। वह आने जाने वालों को मास्क नहीं लगाने पर आड़े हाथ ले रहे थे। हर वाहन को चेक करने के बाद ही जाने दे रहे थे। इसके बाद डीएम ने सिपाही की पीठ थपथपाई और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की। इन्होंने कहा.
सुबह सात बजे मैं प्राइवेट गाड़ी से लॉकडाउन को चेक करने के लिए निकला था। कई जगह खामियां मिली। एसएसपी और अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायिक को कार्रवाई के आदेश दिए है। एक सिपाही अपनी ड्यूटी बखूबी कर रहा था। उसे प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
- रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी